Indore: राजवाड़ा पर बैरिकेड लगा पुलिस ने लोगों को जश्न मनाने से रोका, पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भीड़ पहुंची

राजवाड़ा पर बढ़ती भीड़ देखते हुए पुलिस टीम ने बैरिकेड लगाकर लोगों को रोकने की कोशिश की। इससे लोग नाराज हुए और रोके जाने का विरोध करने लगे। उग्र लोगों की भीड़ ने वहां तैनात पुलिसकर्मियों को धक्का देने के बाद बैरिकेड हटा दिए और राजवाड़ा की ओर बढ़ गए। पुलिस उन्हें रोकने में नाकाम रही। हालांकि, कुछ देर बाद पुलिस ने सख्ती दिखाई और लोगों को घरों को लौटने को कहा। पुलिस से हुज्जत करने वाले एक शख्स को अस्थायी चौकी पर रखा गया। राजवाड़ा क्षेत्र में सुबह गेर निकली थी। सुरक्षा इंतजामों के लिए पुलिस प्रशासन ने मार्गों पर बैरिकेड लगाए थे। गेर समाप्त होने के बाद उन्हें हटा दिया गया, लेकिन जब रात को टीम इंडिया ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर टी-20 वर्ल्ड कप जीता तो शहरवासी फिर रात को राजवाड़ा पर जश्न मनाने पहुंचे। खजूरी बाजार की तरफ से आने वाले लोगों को निराश होना पड़ा। पुलिसकर्मियों ने बैरिकेड लगाकर जश्न मनाने आ रहे लोगों को राजवाड़ा की तरफ जाने से रोका। इस कारण एमजी रोड पर भीड़ लग गई और धक्का-मुक्की होने लगी। चार-पांच बार भीड़ ने पुलिसकर्मियों को और लगाए गए बैरिकेड को जोर से धक्का देकर रास्ता बनाया। इस कारण कई लोगों को पुलिस के धक्के भी खाने पड़े। पुलिसकर्मियों के साथ भी इस दौरान धक्का-मुक्की की गई। रात पौने 12 बजे पुलिस ने राजवाड़ा पर मौजूद भीड़ को घरों की तरफ रवाना करना शुरू कर दिया। रात 12 बजे के बाद राजवाड़ा परिसर खाली कराया जा रहा था।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 09, 2026, 05:38 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Indore: राजवाड़ा पर बैरिकेड लगा पुलिस ने लोगों को जश्न मनाने से रोका, पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भीड़ पहुंची #CityStates #Indore #MadhyaPradesh #IndoreNews #IndoreBreakingNews #IndoreUpdates #MpNewsInHindi #MpNewsHindi #MpLatestNewsInHindi #MpNewsUpdateInHindi #MpNewsUpdate #SubahSamachar