Indore News: हाई-टेक ड्रोन्स करेंगे इंदौर की सुरक्षा, आग बुझाएंगे और ट्रैफिक सुधारेंगे
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए अत्याधुनिक ड्रोन तकनीक को अपनी कार्यप्रणाली में शामिल किया है। पुलिस कमिश्नर इंदौर संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में अब दैनिक पुलिस कार्यवाही, आमजन की सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए इन आधुनिक ड्रोन्स का उपयोग किया जाएगा। इसके माध्यम से हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी। हाई रेजोल्यूशन कैमरा, विभिन्न लाइट्स और माइक से लैस हाल ही में इंदौर की डीआरपी लाइन में नए विकसित अत्याधुनिक ड्रोन्स का विस्तृत डेमोंस्ट्रेशन आयोजित किया गया। इस दौरान ऐसे ड्रोन्स का प्रदर्शन किया गया जो हाई रेजोल्यूशन कैमरा, विभिन्न लाइट्स और माइक की सुविधा से लैस हैं। इन ड्रोन्स का उपयोग भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किया जाएगा। इनमें मौजूद रियल-टाइम वीडियो ट्रांसमिशन और नाइट विजन जैसी सुविधाएं पुलिस को मौके की सटीक जानकारी तुरंत उपलब्ध कराएंगी। अपराध नियंत्रण, आगजनी और अन्य आपदाओं में मददगार डेमोंस्ट्रेशन के दौरान ड्रोन लैब टेक्नोलॉजी लिमिटेड अहमदाबाद द्वारा विकसित तीन विशेष प्रकार के ड्रोन्स की कार्यक्षमता दिखाई गई। इनमें वॉटर होस सिस्टम से लैस फायर फाइटिंग ड्रोन, फायर बॉल एक्सटिंग्विशिंग तकनीक वाला अग्निशमन ड्रोन और टेथर्ड एवं नॉन-टेथर्ड तकनीक पर आधारित सन ड्रोन शामिल थे। ये ड्रोन न केवल अपराध नियंत्रण बल्कि आगजनी और अन्य आपदाओं जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में राहत कार्यों और समन्वय स्थापित करने में भी सक्षम हैं। अधिकारियों ने लिया लाइव डेमो इस अवसर पर पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह के साथ अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आरके सिंह, पुलिस उपायुक्त जोन-02 कुमार प्रतीक, पुलिस उपायुक्त जोन-01 कृष्ण लालचंदानी, पुलिस उपायुक्त ज़ोन-03 राजेश व्यास और पुलिस उपायुक्त जोन-04 आनंद कलादग़ी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। ड्रोन लैब टेक्नोलॉजी के मेजर अनिकेत और उनकी टीम ने इन ड्रोन्स का लाइव डेमो पेश किया। पुलिस कमिश्नर के अनुसार, इस नवाचार का उद्देश्य पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और जनोन्मुखी बनाना है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 02, 2026, 10:13 IST
Indore News: हाई-टेक ड्रोन्स करेंगे इंदौर की सुरक्षा, आग बुझाएंगे और ट्रैफिक सुधारेंगे #CityStates #Indore #MadhyaPradesh #IndoreNews #SubahSamachar
