Indore News: मंत्री विजयवर्गीय ने इंदौर की उपेक्षा पर जताई आपत्ति, मुख्यमंत्री को भेजी चिट्टी

इंदौर के साथ हो रही उपेक्षा को लेकर आखिरकार नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने चुप्पी तोड़ी और मुख्यमंत्री मोहन यादव को एक चिट्ठी लिखी। इसमें उन्होंने मास्टर प्लान में देरी, सिंहस्थ के कार्य इंदौर में नहीं किए जाने, एयरपोर्ट विस्तार सहित अन्य विकास कार्यों में हो रही अनदेखी की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि इंदौर के साथ हो रही उपेक्षा से मैं आहत हूं। ढाई वर्षों में केवल असहयोग और उपेक्षा ही मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जनता के मुद्दों को सार्वजनिक मंचों पर उठाना उनकी मजबूरी होगी। उनकी इस चिट्ठी के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। दरअसल, मंत्री विजयवर्गीय कई बार मंचों से अधिकारियों के सहयोग नहीं करने जैसे मुद्दे उठा चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को लिखी चिट्ठी में इंदौर के विकास कार्यों के पिछड़ने के कारण गिनाए और कहा कि इस साल इंदौर में जल संकट से लोग परेशान रहे, लेकिन सरकार की ओर से कोई विशेष राहत पैकेज नहीं दिया गया। उन्होंने पीथमपुर की तुलना में उज्जैन के विक्रमपुरी को अधिक सुविधाएं दिए जाने पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पीथमपुर में कई बड़ी कंपनियां हैं, लेकिन राष्ट्रीय स्तर की टेस्टिंग लैब और प्रोडक्ट सर्टिफिकेशन सेंटर अब तक स्थापित नहीं किया गया। मंत्री विजयवर्गीय ने अब तक मास्टर प्लान की घोषणा नहीं किए जाने पर कहा कि इसे दो साल पहले नगरीय प्रशासन विभाग की ओर से सरकार को भेजा जा चुका है। इस संबंध में अधिकारियों के साथ दो बार उच्चस्तरीय बैठक भी हो चुकी है, लेकिन अब तक मास्टर प्लान जारी नहीं हुआ। आखिर शहर के विकास से जुड़ी इस महत्वपूर्ण योजना में इतनी देरी क्यों की जा रही है पत्र में उन्होंने यह भी कहा कि सिंहस्थ से पहले उज्जैन के अलावा इंदौर और आसपास के शहरों में भी सिंहस्थ मद से विकास कार्य कराए जाते रहे हैं, लेकिन इस बार इंदौर के लिए इस मद से कोई राशि जारी नहीं की गई।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 01, 2026, 03:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Indore News: मंत्री विजयवर्गीय ने इंदौर की उपेक्षा पर जताई आपत्ति, मुख्यमंत्री को भेजी चिट्टी #CityStates #Indore #MadhyaPradesh #IndoreNews #IndoreBreakingNews #IndoreUpdates #MpNewsInHindi #MpNewsHindi #MpLatestNewsInHindi #MpNewsUpdateInHindi #MpNewsUpdate #SubahSamachar