Indore News: इंदौर के बिचौली मर्दाना क्षेत्र में तेंदुए की दहशत, डिलीवरी बॉय पर किया हमला

इंदौर के बिचौली मर्दाना क्षेत्र में घुसे एक तेंदुए ने ग्रामीण क्षेत्र में दहशत फैला दी। तेंदुआ सड़क पर घूमता नजर आया। इस दौरान उसने बाइक से सड़क पर जा रहे एक डिलीवरी बॉय पर छलांग लगाकर हमला किया और फिर भाग गया। अचानक हुए हमले से घबराया युवक बाइक छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलने के बाद वन विभाग का अमला पिंजरा लेकर तेंदुए को पकड़ने पहुंचा, लेकिन तेंदुआ टीम को छकाते हुए एक घर के बाथरूम में घुस गया। उसे देखने के लिए घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। यह घटना इंदौर के बिचौली मर्दाना क्षेत्र में मंगलवार रात करीब आठ बजे के बाद की है। गांव में तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल है। पहले तेंदुए ने एक डिलीवरी बॉय पर हमला किया, फिर एक घर में जाकर दीवार की ओट में बैठा रहा। हमले की पूरी घटना एक बंगले में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बिचौली मर्दाना क्षेत्र में कई बड़े बंगले हैं। तेंदुआ सड़क पर भाग रहा था। तभी उसे देखकर एक बाइक सवार रुक गया। कुछ देर के लिए तेंदुआ भी रुका, लेकिन पलक झपकते ही वह बाइक सवार डिलीवरी बॉय की ओर दौड़ा और उस पर छलांग लगाकर हमला कर दिया। इस दौरान एक अन्य बाइक सवार भी वहां से गुजरा, लेकिन तेंदुए ने उस पर हमला नहीं किया। इसके बाद तेंदुआ एक मकान के बाथरूम में जा घुसा। कुछ युवकों ने मोबाइल से उसके वीडियो बनाने शुरू कर दिए। कुछ देर बाद वन विभाग की टीम उस घर तक पहुंची, जहां तेंदुआ छिपा हुआ था, लेकिन काफी देर तक वह बाहर नहीं निकला। उसे पकड़ने के लिए मकान के बाहर कर्मचारियों ने जाल भी लगाया। इसके अलावा उसे बेहोश करने के लिए ट्रैंक्विलाइज़र गन भी मौके पर लाई गई। बिचौली मर्दाना क्षेत्र रालामंडल के समीप स्थित है। रालामंडल क्षेत्र में अक्सर तेंदुए नजर आते हैं। पिछले साल भी बायपास स्थित एक कॉलोनी में तेंदुआ घुस गया था, जिसे बेहोश करने के बाद सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया था। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और भीड़ को हटाने की मशक्कत करती रही। देर रात तक अमला तेंदुए को पकड़ने की मशक्कत करता रहा, लेकिन उसे पकड़ा नहीं जा सका। इसके बाद टीम पिंजरा लगाकर लौट गई, हालांकि सुबह ग्रामीणों को तेदुआ नजर नहीं आया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 07, 2026, 23:17 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Indore News: इंदौर के बिचौली मर्दाना क्षेत्र में तेंदुए की दहशत, डिलीवरी बॉय पर किया हमला #CityStates #Indore #MadhyaPradesh #IndoreNews #IndoreBreakingNews #IndoreUpdates #MpNewsInHindi #MpNewsHindi #MpLatestNewsInHindi #MpNewsUpdateInHindi #SubahSamachar