Indore News: बारिश में गिरे पेड़, बचे वाहन चालक,मौसम विभाग ने जारी किया 3 दिन का अलर्ट
इंदौर में मानसून की दस्तक के बाद से ही झमाझम बारिश का दौर जारी है। जुलाई के शुरुआती दिनों में ही इंद्रदेव शहर पर खासे मेहरबान नजर आ रहे हैं। गुरुवार को हुई जोरदार बारिश के बाद शुक्रवार को भी दिनभर मौसम का मिजाज बदला रहा। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और धूप-छांव का खेल चलता रहा। इसके बाद शाम करीब 5 बजे शहर के अलग-अलग इलाकों में अचानक तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। यह दौर रात तक रुक-रुककर लगातार चलता रहा। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान शहर में करीब आधा इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। शुक्रवार को शहर के कुछ हिस्सों में तेज तो कुछ जगहों पर धीमी और रुक-रुककर वर्षा दर्ज की गई। इस तरह वर्तमान सीजन में अब तक कुल 10 इंच से ज्यादा पानी बरस चुका है। कई जगह गिरे पेड़ इसी बीच सत्यसांई चौराहे के पास बारिश के दौरान एक पेड़ की बड़ी डाल अचानक टूटकर गिर गई, जिसमें एक राहगीर बाल-बाल बच गया। वहीं जंजीरवाला चौराहे पर भी एक नीम का पेड़ सड़क पर गिर गया जिसकी वजह से वाहनों को निकलने में बहुत परेशानी हुई। पेड़ वहां पर खड़ी दो कारों पर गिरा लेकिन किसी को चोट नहीं लगी। कारों को नुकसान हुआ।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 03, 2026, 21:08 IST
Indore News: बारिश में गिरे पेड़, बचे वाहन चालक,मौसम विभाग ने जारी किया 3 दिन का अलर्ट #CityStates #Indore #MadhyaPradesh #IndoreNews #SubahSamachar
