इंदौर में सड़क निर्माण को लेकर कार्रवाई: आरई-2 प्रोजेक्ट के लिए हटाए गए बाधक निर्माण, 12 से ज्यादा मकान ढहाए
इंदौर में नेमावर रोड से खजराना तक बन रही आरई-2 सड़क परियोजना के तहत सोमवार को बिचौली क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से 12 से अधिक निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इन मकानों में वर्षों से परिवार रह रहे थे, जिन्हें पिछले साल ही हटने के नोटिस दिए जा चुके थे। सोमवार सुबह करीब 10 बजे नगर निगम और प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और रहवासियों से घर खाली करने को कहा। कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई जारी रही। करीब दो घंटे में सभी निर्माण जमींदोज कर दिए गए। पढ़ें:शादी में खूनी बवाल: नर्मदापुरम में नशे में पहुंचे युवक ने की चाकूबाजी, एक की मौत, छह लोग हुए घायल; अफरातफरी मास्टर प्लान के अनुसार सड़क की चौड़ाई 45 मीटर प्रस्तावित है, जबकि फिलहाल 24 मीटर (80 फीट) चौड़ी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद निर्माण कार्य के लिए रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी यह सड़क नायता मुंडला स्थित नए आरटीओ को खजराना क्षेत्र से जोड़ेगी, जिससे बायपास पर यातायात का दबाव कम होगा और शहर के भीतर कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इस परियोजना के तहत पहले ही 184 परिवारों को विस्थापित कर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान उपलब्ध कराए जा चुके हैं। कुल मिलाकर करीब 300 परिवारों को फ्लैट आवंटित कर शिफ्ट किया गया है। हालांकि, विस्थापन को लेकर पहले काफी विरोध हुआ था और कुछ परिवारों ने कोर्ट से स्टे भी लिया था। अब स्टे खारिज होने के बाद शेष बाधक निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की गई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 20, 2026, 11:53 IST
इंदौर में सड़क निर्माण को लेकर कार्रवाई: आरई-2 प्रोजेक्ट के लिए हटाए गए बाधक निर्माण, 12 से ज्यादा मकान ढहाए #CityStates #Indore #MadhyaPradesh #IndoreNews #IndoreBreakingNews #IndoreUpdates #MpNewsInHindi #MpNewsHindi #MpLatestNewsInHindi #MpNewsUpdateInHindi #SubahSamachar
