Indore: अब 56 दुकान के व्यंजन पकेंगे पीएनजी गैस पर, एलपीजी की किल्लत के बाद अपनाया विकल्प
इंदौर में स्वाद के लिए मशहूर 56 दुकान फूड स्ट्रीट एलपीजी की किल्लत के बावजूद ग्राहकों के बीच अपना स्वाद बरकरार रखे हुए है। कमर्शियल सिलिंडर नहीं मिलने के बाद कई दुकानदारों ने इंडक्शन खरीद लिए थे, लेकिन बिजली जाने के दौरान परेशानी न हो, इसलिए अब पाइप्ड नैचरल गैस (पीएनजी) के विकल्प को भी अपनाया जा रहा है। अवंतिका गैस कंपनी ने गैस की किल्लत के बाद 56 दुकान व्यापारी संघ से संपर्क किया और कनेक्शन देने की पेशकश की। पहले प्रेशर और धीमी आंच को लेकर कुछ समस्याएं थीं, लेकिन अब वे दूर हो गई हैं और पंद्रह से ज्यादा दुकानदार कनेक्शन लेने के लिए तैयार हो गए हैं। इंदौर में अभी भी कमर्शियल सिलिंडर की किल्लत बनी हुई है और जो व्यापारी घरेलू सिलिंडरों का उपयोग दुकानों में खाना बनाने के लिए कर रहे हैं, प्रशासन उन्हें जब्त कर रहा है। इस कारण दुकानदारों ने पीएनजी और इंडक्शन जैसे विकल्प अपनाने शुरू कर दिए हैं। 56 दुकान एसोसिएशन के अध्यक्ष गुंजन जोशी ने बताया कि गैस कनेक्शन देने वाली कंपनी के अधिकारियों ने उनसे चर्चा की थी। इसके बाद बैठक में सदस्यों के सामने यह विकल्प रखा गया, जिस पर कई दुकानदारों ने सहमति जताई औरकनेक्शन भी ले लिए। कंपनी की गैस पाइपलाइन पास से ही गुजर रही थी, इसलिए कनेक्शन में कोई विशेष परेशानी नहीं हुई। इंदौर में अभी भी कमर्शियल गैस सिलिंडरों की बुकिंग नहीं हो पा रही है। इस वजह से कई छोटे दुकानदारों ने काम बंद कर दिया है। सराफा बाजार में सोने के आभूषण बनाने का काम भी प्रभावित हो रहा है। घरेलू गैस सिलिंडर अब लोगों को लगभग 25 दिन बाद बुकिंग के बाद मिल पा रहे हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 23, 2026, 00:21 IST
Indore: अब 56 दुकान के व्यंजन पकेंगे पीएनजी गैस पर, एलपीजी की किल्लत के बाद अपनाया विकल्प #CityStates #Indore #MadhyaPradesh #IndoreNews #IndoreBreakingNews #IndoreUpdates #MpNewsInHindi #MpNewsHindi #MpLatestNewsInHindi #MpNewsUpdateInHindi #MpNewsUpdate #SubahSamachar
