कांग्रेस में अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं : अनुराग

बैजनाथ (कांगड़ा)। मुख्यमंत्री के खिलाफ पूर्व सीपीएस नीरज भारती द्वारा की गई टिप्पणी ने कांग्रेस के भीतर सियासी उबाल ला दिया है। सोमवार को बैजनाथ में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा और स्थानीय विधायक किशोरी लाल ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर नीरज भारती के बयानों को निराधार और गैर-सांविधानिक करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में ऐसी अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि नीरज भारती को पार्टी ने पूर्व में मान-सम्मान से सीपीएस जैसे पद पर बिठाया। उन्होंने कहा कि सुखविंद्र सिंह सुक्खू को आलाकमान ने उनकी बेदाग छवि के कारण प्रदेश का मुखिया बनाया है। यदि नीरज भारती को कोई समस्या थी तो उन्हें पार्टी के मंच पर या दिल्ली में आलाकमान के सामने अपनी बात रखनी चाहिए थी, न कि सार्वजनिक रूप से ऐसी अशोभनीय टिप्पणी करनी चाहिए थी।उन्होंने कहा कि हाल ही में कांगड़ा में हुई संगठनात्मक बैठक में राहुल गांधी ने भी कड़ा संदेश देते हुए अनुशासन को प्राथमिकता देने को कहा था। बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने नीरज भारती द्वारा सोशल मीडिया पर दिए जा रहे बयानों से साफ प्रतीत होता है कि वे अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। नीरज अकसर अनाप-शनाप बयानबाजी करते रहते हैं, जिसके कारण उन पर पूर्व में कई मुकदमे भी दर्ज हो चुके हैं। विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली ऐसी बयानबाजी से वे तुरंत बाज आएं। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शशि राणा, विकास राणा, महिंद्र सिंह और अन्य पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 08, 2026, 19:34 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




कांग्रेस में अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं : अनुराग #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar