UN में भारत का पाकिस्तान पर प्रहार: कहा- पहले आतंक और अस्थिरता फैलाना बंद करे, पूछा- FATF से डर क्यों?
भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (एफएटीएफ) की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने की देशों की कोशिशें उनके जांच-पड़ताल के डर को दिखाती हैं। भारत ने ऐसे देशों से अपील की कि वे अस्थिरता फैलाना बंद करें और अपनी जमीन का इस्तेमाल आतंकवाद के लिए होने देने से रोकें। भारत ने जोर देकर कहा, एफएटीएफ वैश्विक आतंक-रोधी पहल के वित्तपोषण और धन शोधन-रोधी ढांचे का अनिवार्य स्तंभ बना हुआ है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने बदलते खतरों और उभरती प्रौद्योगिकी के दौर में आतंकी वित्तपोषण से निपटने के साझा प्रयास विषय पर यह बात कही। यहां आयोजित 2026 आतंकवाद रोधी सप्ताह से इतर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, एफएटीएफ का कार्य तकनीकी, साक्ष्य-आधारित व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार्य मानकों पर आधारित है। इसकी विश्वसनीयता पर सवाल उठाना वास्तविक चिंताओं के बजाय जांच-पड़ताल के डर को दर्शाता है। कार्यक्रम का आयोजन यूएन में भारत-फ्रांस के स्थायी मिशनों, आतंकवादरोधी समिति आदि के लिए वैश्विक इंटरनेट फोरम ने मिलकर किया। हरीश ने कहा कि कई दशकों से भारत, सीमापार आतंकवाद का सामना कर रहा है। वित्तीय पारदर्शिता में सुधार करें हरीश ने कहा, जिन देशों का मूल्यांकन प्रतिकूल रहा है उन्हें पहचानी गई कमियों को दूर करना चाहिए। साथ ही घरेलू स्तर पर नियमों को सख्ती से लागू कर वित्तीय पारदर्शिता में सुधार करना चाहिए और आतंकवाद के वित्तपोषण से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ अपरिवर्तनीय कार्रवाई दिखानी चाहिए। वह बोले, एफएटीएफ की जांच का जवाब संयुक्त राष्ट्र के मंचों पर राजनीतिक सक्रियता दिखाकर नहीं बल्कि नियमों का सही ढंग से पालन करके देना चाहिए। ये भी पढ़ें:Op Amistad:वेनेजुएला में भारतीय चिकित्सा दल के राहत प्रयासों की सराहना, मंत्री एंड्रिया ने जताया पीएम का आभार अपनी जमीन पर आतंकवाद रोकें भारत की तरफ से हरीश ने यूएन में कहा- जो देश अपनी जमीन, संस्थानों या वित्तीय माध्यमों का इस्तेमाल आतंकवाद के लिए होने देते हैं उन्हें अस्थिरता फैलाना बंद करना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय शांति-सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करना शुरू करना चाहिए। पाकिस्तान 2018 से एफएटीएफ की ग्रे सूची में था लेकिन 2022 में उसे हटा दिया गया। हरीश ने कहा, वह आतंकवाद से निपटने के मुद्दे पर कोई सैद्धांतिक बात नहीं कर रहे हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 01, 2026, 04:01 IST
UN में भारत का पाकिस्तान पर प्रहार: कहा- पहले आतंक और अस्थिरता फैलाना बंद करे, पूछा- FATF से डर क्यों? #World #International #IndiaAtUn #Fatf #PakistanTerrorism #ParvathaneniHarish #UnCounterTerrorism #TerrorFinancing #SubahSamachar
