Panipat News: रिफाइनरी में कर्मचारियों की बेमियादी भूख हड़ताल खत्म

पानीपत। इंडियन ऑयल पानीपत रिफाइनरी में कर्मचारियों की मांगों के लिए चल रहा गतिरोध आखिरकार मंगलवार को पांचवें समाप्त हो गया है। इंडियन ऑयल पानीपत रिफाइनरी कर्मचारी यूनियन (आईपीआरईयू) के बैनर तले रिफाइनरी टाउनशिप के गेट नंबर-2 पर चल रही बेमियादी भूख हड़ताल को यूनियन ने वापस ले लिया है। प्रबंधन द्वारा मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाने के बाद यूनियन ने यह कदम उठाया।आईपीआरईयू के पांच प्रतिनिधि प्रधान संपूर्ण सिंह, मनोज कटिहार, पवन चहल, प्रदीप शर्मा और ललित कुमार शुक्रवार से बेमियादी भूख हड़ताल पर बैठे थे। मंगलवार सुबह नौ बजे टाउनशिप के गेट नंबर-2 के बाहर कर्मचारी यूनियन की बैठक आयोजित की गई। इसके बाद हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की गई। प्रधान संपूर्ण सिंह ने बताया कि प्रबंधन के साथ हुई बातचीत में प्रमुख मांगों पर सकारात्मक सहमति बनी है। पीने के पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए एक समिति का गठन किया गया है। यह शीघ्र निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगी। अधिकारियों ने भरोसा दिया कि टाउनशिप की मूलभूत सुविधाओं और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके अलावा, नई भर्ती और पीपी-3 से संबंधित मुद्दों पर प्रबंधन ने यूनियन के सुझावों के अनुरूप आगे बढ़ने पर सहमति जताई है। कर्मचारियों की चिकित्सा सुविधाओं में सुधार के लिए भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।दूसरी तरफ रिफाइनरी प्रबंधन ने बताया कि हड़ताल को लेकर स्थानीय प्रशासन व प्रबंधन गंभीर था। हड़ताल नोटिस के संबंध में सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय) करनाल के कार्यालय में सुलह बैठक भी आयोजित की गई थी। यहां मामला विचाराधीन है। वार्ता के दौरान भूख हड़ताल उचित नहीं थी। ये सब मांग आंतरिक व्यवस्था का हिस्सा थीं। अधिकांश मुद्दों पर गहन व सकारात्मक चर्चा के बाद सहमति बन गई है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 22, 2026, 06:03 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Panipat News: रिफाइनरी में कर्मचारियों की बेमियादी भूख हड़ताल खत्म #IndefiniteHungerStrikeByRefineryEmployeesCalledOff. #SubahSamachar