IND vs WI T20 Playing 11: वरुण या कुलदीप किसे मिलेगा मौका? किस तरह बढ़ी भारत की चिंता; सैमसन-रिंकू पर भी नजर
टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को हर हाल में वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच जीतना होगा। दक्षिण अफ्रीका से मिली हार के बाद से टीम ने सबक लिया और जिम्बाब्वे के खिलाफ दमदार वापसी की। भारतीय बल्लेबाजों ने यह दिखाया था कि उनकी बल्लेबाजी कितनी मजबूत है, लेकिन गेंदबाजी टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। वहीं, प्लेइंग-11 के संयोजन ने भी भारत की चिंता बढ़ा दी है। क्यों वर्चुअल नॉकआउट बना मुकाबला भारत और वेस्टइंडीज के बीच सुपर आठ का ये मुकाबला वर्चुअल नॉकआउट की तरह है। दोनों ही टीमें सेमीफाइनल में पहुंचने के करीब हैं और जो भी टीम ये मैच जीतेगी, वो सेमीफाइनल में प्रवेश कर लेगी। वेस्टइंडीज की टीम बेहतर नेट रन रेट के कारण फिलहाल ग्रुप-1 की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। भारत अगर वेस्टइंडीज को हरा देगा तो उसके चार अंक हो जाएंगे और वह दूसरे स्थान पर रहकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लेगा। अभिषेक की फॉर्म में वापसी से मिली राहत भारत के लिए राहत की बात यह है कि अभिषेक शर्मा फॉर्म में वापस लौट आए हैं। अभिषेक ने टूर्नामेंट के शुरुआती तीन मैच में खाता भी नहीं खोला था, लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक लगाकर फॉर्म में वापसी की थी। भारतीय टीम प्रबंधन को उम्मीद होगी कि अभिषेक का बल्ला वेस्टइंडीज के खिलाफ भी चले। हालांकि, देखना दिलचस्प होगा कि इस मैच के लिए भारत की तरफ से ओपनिंग करने कौन आता है। जिम्बाब्वे के खिलाफ संजू सैमसन और अभिषेक ने ओपनिंग की थी। संजू ने केवल 24 रन बनाए, लेकिन उन्होंने शुरू में ही रन गति तेज कर दी जिसका बाकी बल्लेबाजों पर सकारात्मक असर पड़ा। उनके आक्रामक रवैये ने अभिषेक शर्मा के हौसले को बुलंद किया सैमसन को रिंकू सिंह की जगह मौका मिला था। अब अगर सैमसन फिर खेले तो यह तय है कि एक बार फिर वह ओपनिंग करने उतरेंगे और ईशान किशन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आएंगे। बल्लेबाजी क्रम में बदलाव की संभावना कम इस बात की संभावना कम है कि भारत बल्लेबाजी क्रम में किसी तरह का बदलाव करेगा। रिंकू सिंह को फिर बाहर बैठना पड़ सकता है क्योंकि सैमसन को जिस कारण टीम में लाया गया था, उन्होंने वो भूमिका निभाई। वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में रन बरसते नजर आ सकते हैं, ऐसे में भारत बल्लेबाजी मजबूत रखना चाहेगा। कप्तान सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे को भी मोर्चा संभालना होगा। शिवम दुबे की फॉर्म ने बढ़ाई चिंता एक और चिंता ऑलराउंडर शिवम दुबे का गेंदबाजी में अनियमित प्रदर्शन है। जिम्बाब्वे के खिलाफ दुबे ने सिर्फ दो ओवरों में 46 रन लुटाए, जिसमें 10 गेंदों के एक ओवर में चार वाइड और दो नोबॉल शामिल थीं। मुख्य कोच गौतम गंभीर का ऑलराउंडर के प्रति आकर्षण जगजाहिर है, लेकिन ईडन पिच पर दुबे की मध्यम गति की गेंदबाजी वेस्टइंडीज के सामने उलटी पड़ सकती है। वरुण और कुलदीप के बीच चयन मुश्किल भारत के बल्लेबाज सही समय पर लय में लौट आए हैं और अब गेंदबाजों की बारी है। जिम्बाब्वे के खिलाफ बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अच्छी गेंदबाजी की। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने भी शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन स्पिन गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती अपने पुराने फॉर्म में नहीं नजर आ रहे हैं। यह रहस्यमयी स्पिनर अपनी लेंथ को सही ढंग से नियंत्रित करने में विफल रहा है और ऐसा लगता है कि वह बहुत ज्यादा प्रयोग कर रहे हैं। चक्रवर्ती के नहीं चल पाने के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत को नुकसान हुआ। चक्रवर्ती ने उस मैच में चार ओवर में 47 रन लुटा दिए थे। वरुण ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ज्यादातर शॉर्ट पिच गेंदें की और जब उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ फुल लेंथ गेंद करने की कोशिश की तब भी उन्हें खास सफलता नहीं मिली। इस मैच में अनुभवी सिकंदर रजा ने उन्हें निशाने पर रखा। वरुण ने इस मैच में चार ओवरों में 35 रन दिए। यह देखना बाकी है कि टीम प्रबंधन चक्रवर्ती को प्लेइंग-11 में बनाए रखता है या बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को टीम में शामिल करता है। कुलदीप ने वर्तमान टूर्नामेंट में अभी तक केवल पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेला है। वरुण और कुलदीप दोनों ने अपने आईपीएल करियर के अधिकतर मैच कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की तरफ से इसी मैदान पर खेले हैं और वे यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं। चक्रवर्ती ने हालांकि यहां अधिक मैच खेले हैं। इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11: भारत: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन/रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह। वेस्टइंडीज: ब्रेंडन किंग, शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पोवैल, शेरफाने रदरफोर्ड, रोस्टन चेज, रोमारिया शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोती, शमार जोसेफ।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 28, 2026, 10:48 IST
IND vs WI T20 Playing 11: वरुण या कुलदीप किसे मिलेगा मौका? किस तरह बढ़ी भारत की चिंता; सैमसन-रिंकू पर भी नजर #CricketNews #National #T20WorldCup2026 #IndiaVsWestIndiesT20WorldCup2026Dream11Pr #IndVsWiPlaying11T20WorldCup2026 #IndVsWiPlaying11T20WorldCup #IndVsWiDream11Prediction #T20WorldCup2026Super8 #CricketNewsInHindi #SubahSamachar
