Noida News: एक्सप्रेसवे पर हाईवा ने विधायक के स्कॉर्ट में मारी टक्कर, दरोगा की मौत

- मथुरा के मांट विधायक को एयरपोर्ट छोड़ने जा रही थी गाड़ियां- विधायक के साथ सुरक्षा स्कॉर्ट में चल रही थी पुलिस की बुलेरो माई सिटी रिपोर्टरयमुना सिटी। जेवर थाना क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार शाम इंटरचेंज के पास हादसा हो गया। मथुरा के मांट विधायक के साथ चल रही सुरक्षा स्कॉर्ट में सामने से आ रही तेज रफ्तार हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी। हाईवा की टक्कर से पुलिस की बुलेरो गाड़ी आगे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पुलिस कर्मी भी घायल हो गए। गाड़ी में आगे बैठे दरोगा की हालत ज्यादा खराब होने लगी तो उन्हें जेवर के निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मथुरा के मांट विधायक राजेश चौधरी रविवार शाम को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आ रहे थे। यहां से उन्हें हैदराबाद जाना था। उनकी सुरक्षा में पुलिस स्कॉर्ट वाहन भी साथ चल रहा था। इसी दौरान यमुना एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज के पास एक तेज रफ्तार हाईवा डंपर ने सुरक्षा में लगी बोलेरो गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात दरोगा राजेंद्र सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, टीम में शामिल एक सिपाही भी हादसे में घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही जेवर थाना पुलिस के साथ ही पुलिस के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू की। वहीं हादसे के बाद विधायक ने अपनी फ्लाइट कैसिंल कर दी।विधायक ने अपनी कार से भेजा अस्पताल :इंटरचेंज के पास जब हादसा हुआ तो पुलिस का बुलेरो वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। दरोगा राजेंद्र सिंह यादव के भी चोटें आई थी, लेकिन वह बात कर रहे थे। जिसके बाद मांट विधायक ने तत्काल सभी घायलों को अपनी गाड़ी में बैठाकर अस्पताल के लिए रवाना किया और खुद दूसरी गाड़ी से अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि रास्ते में दरोगा ने पीने के लिए पानी मांगा था और बात भी कर रहे थे। लेकिन अस्पताल में उनकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई। इससे यह माना जा रहा है कि उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके कारण मौत हुई है। कुछ दिन पहले हुआ था प्रमोशन : सड़क हादसे में पुलिसकर्मी की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में भी शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले दरोगा राजेंद्र सिंह यादव का कुछ दिन पहले ही प्रमोशन हुआ था और वह हेड कांस्टेबल से दरोगा बने थे। वहीं दो महीने बाद अगस्त में उनका रिटायरमेंट भी होना था। वर्तमान में उनकी तैनाती मथुरा के पुलिस लाइन में थी और वह विधायक की सुरक्षा स्कॉर्ट में शामिल थे। एटा के थे मूल निवासी, घर में था पोता होने का जश्न :मृतक दरोगा राजेंद्र सिंह यादव मूल रूप से एटा के रहने वाले थे। एक महीने पहले उनके बेटे के बेटा हुआ था और वह दादा बने थे। घर में पोता होने की खुशियां मनाई जा रही थी और जसोटन का कार्यक्रम भी होना था। लेकिन राजेंद्र ने अपने परिवार में कहा था कि दो महीने बाद जब वह रिटायर होकर आएंगे, तो रिटायमेंट और जसोटन का कार्यक्रम एक साथ करेंगे।घटना के बाद पुलिस परिवार में शोक की लहर है। परिवार को पुलिस विभाग की ओर से सांत्वना दी गई है। आरोपी हाईवा चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -रविशंकर, पुलिस उपायुक्त, ग्रेटर नोएडा

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 21, 2026, 15:50 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Noida News: एक्सप्रेसवे पर हाईवा ने विधायक के स्कॉर्ट में मारी टक्कर, दरोगा की मौत #InRoadAccidentDarogaDeath #SubahSamachar