Narmadapuram News: नकली सोने की ईंट का झांसा देकर 15 लाख की ठगी, एक और पीड़ित ने दर्ज कराई शिकायत
नर्मदापुरम में नकली सोने की ईंट का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपी अंकित शर्मा के खिलाफ एक और पीड़ित सामने आया है। नए मामले में आरोपी पर 15 लाख रुपए ठगने का आरोप है। अग्निहोत्री कॉलोनी निवासी अमित तिवारी ने कोतवाली थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि आरोपी अंकित शर्मा ने उन्हें 6.8 किलो सोना होने का झांसा दिया और कहा कि सोना बेचकर पैसा लौटाया जाएगा लेकिन पहले कुछ पैसे देने होंगे। पीड़ित ने थाने में एक नकली सोने की ईंट भी पेश की, जो आरोपी ने सोने के नाम पर दी थी। अमित तिवारी ने बताया कि आरोपी ने धीरे-धीरे उनके साथ भरोसा जीतने के बाद अलग-अलग बहानों से पैसे उधार लिए। शुरुआती तौर पर रकम थोड़ी-थोड़ी ली जाती थी लेकिन बाद में राशि बढ़ती गई। उन्होंने कहा कि आरोपी ने हमेशा भरोसा दिलाया कि पैसा लौटाया जाएगा लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ। आरोपी अंकित शर्मा ने अमित तिवारी से कुल 15 लाख की ठगी की है। इसमें कुछ रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कराई गई और कुछ नकद ली गई। दिलचस्प बात यह है कि आरोपी ने एक लाख रुपए तो पांचाली माता पर चढ़ाने के नाम पर भी लिए। अमित तिवारी ने बताया कि ठगी के कारण उन्हें अपना कर्ज बढ़ने पर अपनी बाइक बेचनी पड़ी और अपनी दुकान भी बंद करनी पड़ी। ये भी पढ़ें:Gwalior News:मां के शव के साथ रहे थे भाई-बहन, बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना यह कोई पहला मामला नहीं है। आरोपी ने पहले डोलरिया सरकारी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राकेश वर्मा से भी जमीन में गड़ा सोना निकालने का झांसा देकर 1.04 करोड़ की ठगी की थी। पीड़ितों के अनुसार आरोपी शुरू में लोगों से मित्रवत व्यवहार करता था और धीरे-धीरे उनकी विश्वास जीतता था। फिर वह उन्हें अपने घर बुलाकर खाने-पीने में कुछ मिलाकर देता था, जिससे लोग ध्यान भटक जाते और उसकी बात मानने लगते थे। पुलिस के मुताबिक ऐसे मामलों में लोगों को सजग रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अंकित शर्मा पर इसके पहले भी मामला दर्ज हो चुका है और उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है। थाना प्रभारी कंचन सिंह ने भी नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति को बड़ी रकम देने से पहले पूरी सावधानी बरतें और धोखाधड़ी के मामलों में तुरंत पुलिस से संपर्क करें। पुलिस लगातार चेतावनी दे रही है कि सोने या नकद के झांसे में आने से पहले पूरी जानकारी और जांच आवश्यक है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 21, 2026, 01:31 IST
Narmadapuram News: नकली सोने की ईंट का झांसा देकर 15 लाख की ठगी, एक और पीड़ित ने दर्ज कराई शिकायत #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Narmadapuram #NarmadapuramNews #FakeGoldBrick #ComplaintAtKotwaliPoliceStation #OnlineTransfer #DolriyaGovernmentCollege #CollegePrincipalCheated #SubahSamachar
