BHU: IMS दंत चिकित्सा संकाय, मनोचिकित्सा विभाग में मोबाइल पर मिलेगी जांच रिपोर्ट; शिकायत निवारण पोर्टल भी शुरू
IMS BHU: आईएमएस बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर की तरह ही दंत चिकित्सा विज्ञानसंकाय और मनोचिकित्सा विभाग में एचआईएमएस यानी हॉस्पिटल इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम लागू कर दिया गया है। इससे दूर-दराज से आने वाले मरीजों को जांच की रिपोर्ट मोबाइल पर मिलेगी और जांच, इलाज सहित अन्य जरूरी रिकॉर्ड भी एक जगह सुरक्षित रहेंगे। इसके अलावा यहां शिकायत निवारण पोर्टल भी शुरू हो गया है, जहां मरीज और उनके तीमारदार समस्या पर अपना सुझाव दे सकेंगे। एचआईएमएस लागू होने के बाद अब यहां भी प्रिंटेड पर्चा भी मिलेगा। साथ ही मरीजों के ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने के बाद दिए गए सुझाव, जांच आदि से जुड़े रिकॉर्ड का एक जगह प्रबंधन भी आसान हो जाएगा। ट्रॉमा सेंटर प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह का कहना है कि एकीकृत डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली विकसित करने के उद्देश्य से ट्रॉमा सेंटर की तरह ही इन दोनों जगहों पर भी व्यवस्था लागू की जा रही है। अब मरीजों को विभिन्न विभागों में बार-बार पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी। एकीकृत पंजीकरण प्रणाली के माध्यम से मरीज एक ही रजिस्ट्रेशन के जरिये विभिन्न विभागों में सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे, जिससे समय की बचत होगी तथा अनावश्यक असुविधा में कमी आएगी। एचआईएमएस के तहत इलेक्ट्रॉनिक मेडिकल रिकॉर्ड, अपॉइंटमेंट प्रबंधन, बिलिंग, प्रयोगशाला एवं फार्मेसी सेवाओं का एकीकरण तथा क्लिनिकल वर्कफ्लो का डिजिटल संचालन सुनिश्चित होगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 09, 2026, 22:04 IST
BHU: IMS दंत चिकित्सा संकाय, मनोचिकित्सा विभाग में मोबाइल पर मिलेगी जांच रिपोर्ट; शिकायत निवारण पोर्टल भी शुरू #CityStates #Varanasi #ImsBhuVaranasi #DentalSciencesDepartment #VaranasiNews #LatestNews #BigNews #SubahSamachar
