राजस्थान में मौसम का अलर्ट: छह जिलों में ऑरेंज वार्निंग, 80किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी
राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के जयपुर केंद्र ने मंगलवार सुबह तात्कालिक मौसम चेतावनी जारी करते हुए प्रदेश के छह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। विभाग के अनुसार अलवर, भरतपुर, दौसा, करौली, धौलपुर और डीग जिलों में अगले तीन घंटों के दौरान तेज आंधी, मेघगर्जन, वज्रपात, ओलावृष्टि और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन जिलों में 60 से 80 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ धूलभरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। विभाग ने पेड़ों की बड़ी शाखाओं, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई है। साथ ही कच्चे मकानों और खड़ी फसलों को भी नुकसान हो सकता है। वहीं जालौर, सिरोही, उदयपुर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, फलोदी और जोधपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में दिन और रात के तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज हो सकती है। पिछले सप्ताह जहां कई जिलों में तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं अब अधिकांश शहरों में पारा सामान्य से नीचे बना हुआ है। फलोदी में सोमवार को सर्वाधिक 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जबकि जयपुर, अजमेर, कोटा, अलवर और उदयपुर सहित कई शहरों में तापमान 36 से 38 डिग्री के बीच रहा। यह भी पढें-चार महीने बाद पुलिस का एक्शन:बजरी आंदोलन को लेकर हनुमान बेनीवाल समेत 14 नेताओं पर केस, मचा सियासी घमासान विशेषज्ञों का कहना है कि जून की शुरुआत में सक्रिय हुए इस मौसम तंत्र के कारण फिलहाल भीषण लू लौटने की संभावना कम है। हालांकि बारिश के बाद कुछ इलाकों में उमस बढ़ सकती है। किसानों के लिए भी यह मौसम लाभदायक माना जा रहा है क्योंकि इससे जमीन में नमी बढ़ेगी और खरीफ सीजन की तैयारियों को मदद मिलेगी। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों के नीचे शरण न लें। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों से दूर रहने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सुरक्षित रखने की सलाह भी दी गई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 02, 2026, 04:21 IST
राजस्थान में मौसम का अलर्ट: छह जिलों में ऑरेंज वार्निंग, 80किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी #CityStates #Jaipur #Rajasthan #RajasthanWeatherUpdate #RajasthanWeatherAlert #ImdJaipur #OrangeAlertRajasthan #YellowAlertRajasthan #ThunderstormWarningRajasthan #SubahSamachar
