अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़: 31 सिलेंडर बरामद...पुलिस ने की कार्रवाई, दो इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त; आरोपी फरार
Varanasi News: रोहनिया थाना क्षेत्र के लठिया गांव में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग के कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 31 गैस सिलेंडर, दो इलेक्ट्रॉनिक कांटा और रिफिलिंग में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। हालांकि मौके से आरोपी ऑटो चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। पुलिस के अनुसार, लठिया गांव में अवैध गैस रिफिलिंग की सूचना मिल रही थी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एक मकान में खड़े ऑटो की तलाशी ली। जांच के दौरान ऑटो में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर लदे पाए गए। इनमें 29 घरेलू और दो कमर्शियल सिलेंडर शामिल थे। कुछ सिलेंडर खाली थे, जबकि कुछ में गैस भरी हुई थी, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि मौके पर अवैध रूप से रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा था। तलाशी के दौरान पुलिस को मौके से दो इलेक्ट्रॉनिक कांटा (वजन मापने की मशीन) और गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाला उपकरण बांसुरी भी मिला। यह उपकरण आमतौर पर एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस ट्रांसफर करने के लिए उपयोग किया जाता है, जो पूरी तरह अवैध और खतरनाक है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 02, 2026, 23:33 IST
अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़: 31 सिलेंडर बरामद...पुलिस ने की कार्रवाई, दो इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त; आरोपी फरार #CityStates #Varanasi #IllegalGasRefilling #VaranasiPolice #VaranasiNews #LatestNews #SubahSamachar
