रेलवे रोड हादसा: सुरक्षा मानकों और नियमों की अनदेखी से गई मजदूर की जान, बिना सर्वे-निगरानी के कराए जा रहे काम
अलीगढ़ के रेलवे रोड पर पाइप लाइन के लिए गड्ढा खोदाई के दौरान मानकों की अनदेखी ही मजदूर महेंद्र सिंह की मौत का कारण बनी। मानकों का पालन किया जाता तो शायद यह हादसा नहीं होता। यह कहना है निर्माण कार्यों से जुड़े विशेषज्ञों का। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के कार्यों के लिए भारतीय मानकों की पूरी सुरक्षा संहिता है, जिसका पालन किया जाना चाहिए। इस कार्य से जुड़े अधिकारी दावा कर रहे हैं कि नियमों और मानकों के अनुरूप कार्य कराए जा रहे हैं, लेकिन हादसे का वायरल वीडियो और मौके की तस्वीरें और विशेषज्ञ इन दावों पर सवाल खड़े कर रहे हैं। शहर के प्रमुख आर्किटेक्ट इंजीनियर दीपक शर्मा कहते हैं कि जीआई सर्वे के जरिये किसी भी भवन या सड़क के नीचे की जानकारी की जा सकती है। सरकारी विभाग सर्वे में इस तरह का प्रयोग करते हैं, फिर यहां गड्ढा खोदते समय जमीन की कमजोरी का पता क्यों नहीं लगाया गया भवन निर्माण में गड्ढा खोदने के अपने मानक होते हैं। उन मानकों का यहां ध्यान नहीं रखा गया। ऐसा ही सड़क निर्माण में भी हो रहा है। गड्ढे खोदे जा रहे हैं, उन जगहों को कवर नहीं किया जा रहा, सिर्फ टेप टांग दी जाती है। उनका कहना है कि एनबीसी (नेशनल बिल्डिंग कोड) के अनुसार सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जाए, जिससे मजदूर व आम राहगीर दोनों सुरक्षित रह सकते हैं। रेलवे रोड पर तय मानकों के अनुसार ही काम कराया जा रहा है। शनिवार को भी हमारी टीम की निगरानी में काम हो रहा था। कहीं भी किसी तरह की अनदेखी अथवा लापरवाही नहीं बरती जा रही है। शनिवार को हुआ हादसा महज एक इत्तफाक है। -पीके सिंह, महाप्रबंधक जलकल। शनिवार को रेलवे रोड पर हुई दुखद घटना के मामले में जांच कमेटी गठित कर दी गई है, जो सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। इसमें यह भी देखा जा रहा है कि किस स्तर पर लापरवाही हुई है। इसमें जो भी दोषी मिलेगा उस पर सख्त कार्रवाई होगी। रेलवे रोड पर क्षतिग्रस्त पेयजल पाइप लाइनों को ठीक करने का काम जारी है। संभावना है कि सोमवार तक पेयजल आपूर्ति को पूरी तरह से बहाल कर दिया जाएगा।- प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 27, 2026, 12:40 IST
रेलवे रोड हादसा: सुरक्षा मानकों और नियमों की अनदेखी से गई मजदूर की जान, बिना सर्वे-निगरानी के कराए जा रहे काम #CityStates #Aligarh #WorkerDied #RailwayRoadAligarh #AligarhNagarNigam #AligarhNews #SubahSamachar
