Himachal News: आईजीएमसी के डॉक्टरों के सामने आया दुर्लभ मामला, गर्भस्थ शिशु के मुंह में मिला परजीवी भ्रूण
गर्भ में पल रहे बच्चे के मुंह के अंदर एक और भ्रूण की मौजूदगी। सुनने में यह हैरान करने वाला लगे, लेकिन आईजीएमसी शिमला के डॉक्टरों के सामने ऐसा दुर्लभ मामला सामने आया। गर्भवती महिला की करीब 22वें सप्ताह समय हुई अल्ट्रासाउंड जांच में भ्रूण के जबड़े के बीच में यह बड़ा दोष दिखाई दिया। इसी जगह से एक असामान्य मांसल संरचना मुंह के अंदर की ओर निकली हुई नजर आई। विस्तृत जांच में इसकी पहचान फीटस इन फीटू के रूप में हुई। फीटस इन फीटू बेहद दुर्लभ स्थिति है। इसमें जुड़वा गर्भावस्था के दौरान एक अन्य भ्रूण का विकास सामान्य रूप से नहीं हो पाता और वह दूसरे विकसित हो रहे भ्रूण के शरीर के अंदर या उसके किसी हिस्से में मौजूद रह जाता है। यह आमतौर पर पेट के अंदर पाया जाता है, लेकिन इस मामले में इसकी स्थिति असामान्य थी। परजीवी भ्रूण (फीटस इन फीटू) का हिस्सा मुंह के निचले हिस्से से बाहर की ओर निकल रहा था और भ्रूण के निचले जबड़े में बीच की तरफ बड़ा दोष था। यह मामला पिछले साल सामने आया था। हालांकि, केस रिपोर्ट अंतरराष्ट्रीय जर्नल अल्ट्रासाउंड में हाल ही में प्रकाशित हुई है। रिपोर्ट आईजीएमसी शिमला के रेडियोडायग्नोसिस विभाग की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अनुपम झोबटा, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. श्रुति ठाकुर, डॉ. चारुस्मिता ठाकुर के अलावा स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की डॉ. कल्पना नेगी ने तैयार की। यही टीम इस मामले की चिकित्सीय उपचार में भी शामिल थी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 10, 2026, 10:12 IST
Himachal News: आईजीएमसी के डॉक्टरों के सामने आया दुर्लभ मामला, गर्भस्थ शिशु के मुंह में मिला परजीवी भ्रूण #CityStates #Shimla #HimachalPradesh #IgmcShimla #ShimlaMedicalNews #FetusInFetu #OralFetusInFetu #RareMedicalCase #RarePregnancyCase #FetalAbnormality #SubahSamachar
