Agra News: बिना बॉडीवॉर्न कैमरे के छापा मारा तो होगी कार्रवाई
आगरा। ऊर्जा राज्यमंत्री का प्रभार संभालने के बाद पहली बार आगरा आए राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने बिजली विभाग के लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त तेवर दिखाए। शनिवार को सिकंदरा स्थित दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) मुख्यालय पर समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने विजिलेंस टीमों की ओर से चोरी के नाम पर की जा रही अवैध वसूली और उत्पीड़न की शिकायतों पर गहरी नाराजगी जताई। मंत्री ने आदेश दिया कि अब कोई भी विजिलेंस टीम बिना बॉडीवॉर्न कैमरे के छापा नहीं मारेगी। यदि बिना कैमरे के चेकिंग करते हुए कोई पकड़ा गया तो कठोर कार्रवाई होगी। निगम की प्रबंध निदेशक श्रुति समेत दक्षिणांचल के सभी 21 जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित बैठक के दौरान मंत्री ने ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति के नाम पर भेदभाव और मनमानी करने वाले भ्रष्ट संविदा लाइनमैनों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने हर उपखंड स्तर पर भ्रष्ट लाइनमैन को चिह्नित कर उनके खिलाफ बर्खास्तगी और कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में कहा कि आंधी-तूफान के कारण बाधित हुई बिजली आपूर्ति को तत्काल बहाल किया जाए। साथ ही ट्रांसफार्मर फुंकने पर बिना देरी बदले जाने की व्यवस्था हो और उपभोक्ताओं को हर हाल में सही बिल दिया जाए। जनता और जनप्रतिनिधियों के फोन न उठाने वाले अफसरों को चेतावनी देते हुए कहा कि हर अधिकारी को फोन अनिवार्य रूप से उठाना होगा। बिजली संकट की हर जानकारी सोशल मीडिया पर तुरंत अपडेट करनी होगी।बॉडीवार्न कैमरायह एक पोर्टेबल रिकॉर्डिंग डिवाइस है, जिसका आमतौर पर पुलिस अधिकारी और सुरक्षा कर्मी उपयोग करते हैं। यह कैमरा घटनाओं को रिकॉर्ड करता है, जिनका सामना अधिकारी ड्यूटी के दौरान करते हैं। बॉडी वार्न कैमरा का उपयोग मुख्य रूप से पारदर्शिता बढ़ाने व साक्ष्य एकत्र करने के लिए किया जाता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 07, 2026, 02:31 IST
Agra News: बिना बॉडीवॉर्न कैमरे के छापा मारा तो होगी कार्रवाई #IfARaidIsConductedWithoutABody-wornCamera #ActionWillBeTaken. #SubahSamachar
