Punjab: पति को बेटा चाहिए था, ससुराली करते थे तंग, लुधियाना में दो बेटियों की मां ने दी जान
उद्योगिक नगरी लुधियाना में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 30 वर्षीय विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान पिंकी रानी के रूप में हुई है, जिसका शव घर में फंदे से लटकता हुआ मिला है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर बेटा न होने को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन छह की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद उसके पति कुलविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है। जानकारी के मुताबिक, पिंकी रानी का विवाह 2 अक्तूबर 2016 को कुलविंदर सिंह के साथ हुआ था। शादी के बाद उनकी दो बेटियां हुईं। मृतका के भाई नरिंदर ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया था। आरोप है कि बेटा न होने के कारण पति कुलविंदर सिंह उसे लगातार प्रताड़ित करता था और आए दिन घर में क्लेश रहता था। इसी मानसिक दबाव और रोज-रोज की प्रताड़ना के कारण पिंकी ने खौफनाक कदम उठाते हुए अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। वारदात की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी कुलविंदर पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरु कर दी है। जल्द ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 05, 2026, 16:38 IST
Punjab: पति को बेटा चाहिए था, ससुराली करते थे तंग, लुधियाना में दो बेटियों की मां ने दी जान #Crime #Ludhiana #Suicide #Punjab #SubahSamachar
