Kangra News: एचपीसीए के चयन ट्रायल पांच जुलाई को, धर्मशाला में जुटेंगी महिला क्रिकेटर
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) वर्ष 2026-27 सत्र के लिए अंडर-15 बालिका वनडे कैंप/टीम और नगरोटा बगवां महिला रेजिडेंशियल क्रिकेट अकादमी के चयन ट्रायल पांच जुलाई को आयोजित करेगी। यह ट्रायल सुबह 10 बजे से एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में शुरू होंगे। इच्छुक खिलाड़ियों के लिए इस ट्रायल में भाग लेना अनिवार्य रहेगा।एचपीसीए के सचिव मनुज शर्मा ने बताया कि अंडर-15 बालिका वर्ग के लिए वही खिलाड़ी पात्र होंगी, जिनका जन्म एक सितंबर 2011 से 31 अगस्त 2014 के बीच हुआ हो। वहीं, रेजिडेंशियल क्रिकेट अकादमी के लिए एक सितंबर 2007 या उसके बाद जन्मी अंडर-19 आयु वर्ग की खिलाड़ी ट्रायल दे सकेंगी। दोनों ही श्रेणियों में खिलाड़ियों का बोनाफाइड हिमाचली होना आवश्यक है।हिमाचल से बाहर जन्मी खिलाड़ियों को निर्धारित शर्तों के अनुसार प्रदेश के मान्यता प्राप्त स्कूल में अध्ययनरत होने या एक सितंबर 2025 से पहले जारी हिमाचल क्षेत्राधिकार वाले पासपोर्ट का प्रमाण देना होगा। एचपीसीए ने स्पष्ट किया है कि ट्रायल में शामिल होने वाली खिलाड़ियों को क्यूआर आधारित जन्म प्रमाणपत्र, मैट्रिक या वर्तमान स्कूल का प्रमाणपत्र, बोनाफाइड हिमाचली प्रमाणपत्र, आधार कार्ड तथा आवश्यक होने पर पासपोर्ट या स्कूल प्रमाणपत्र के मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे। खिलाड़ियों को रंगीन क्रिकेट ड्रेस में अपनी किट के साथ रिपोर्ट करना होगा। ट्रायल के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा और न ही कोई यात्रा भत्ता देय होगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 30, 2026, 17:35 IST
Kangra News: एचपीसीए के चयन ट्रायल पांच जुलाई को, धर्मशाला में जुटेंगी महिला क्रिकेटर #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
