Hormuz: ईरान कब तक बंद रखेगा होर्मुज? लेबनान-तेल बिक्री को लेकर छूट पर फंसा पेच; इस्राइल रुकने को नहीं तैयार
अमेरिका और ईरान के बीच अंतरिम समझौते को स्थायी युद्धविराम के रूप में बदलने के लिए स्विट्जरलैंड के बर्गेनस्टॉक शहर में बातचीत शुरू हो गई है। लेकिन उससे पहले, लेबनान के मसले पर पेच फंसता दिख रहा है। ईरान ने साफ किया है कि जब तक लेबनान में युद्धविराम लागू नहीं होता और ईरानी तेल की बिक्री के लिए छूट जारी नहीं दी जाती, होर्मुज जलडमरूमध्य बंद रहेगा। इस्राइल ने स्पष्ट कर दिया है कि लेबनान में खतरों को खत्म करने के लिए उसके सैनिकों पर कोई रोक नहीं है। वहीं, अमेरिका का दावा है कि होर्मुज खुला हुआ है और जहाज उसके रास्ते आ-जा रहे हैं। ईरान की दो सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम और फार्स न्यूज ने रविवार को सैन्य सूत्रों के हवाले से बताया कि दुनिया के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य अभी भी बंद है। शनिवार को लेबनान पर इस्राइल के भीषण हमले के बाद ईरानी सैन्य कमान ने होमुर्ज को फिर से बंद करने का एलान किया था। सैन्य सूत्रों ने बताया कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर यानी आईआरजीसी की नौसेना अगले आदेश तक जहाजों के होर्मुज से गुजरने के लिए परमिट नहीं जारी कर रही है। एजेंसी ने यह भी कहा कि अगर इस्राइल की तरफ से आक्रामकता बढ़ी तो और भी सख्त कदम उठाए जा सकते हैं। काट्ज बोले- लेबनान में अपनी जगह बने हुए हैं हमारे सैनिक इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने रविवार को कहा कि लेबनान में खत्म करने के लिए कार्रवाई करने को लेकर इस्राइली सैनिकों पर न कोई रोक थी और न अब है। सैनिक सुरक्षा क्षेत्र में अपनी जगह पर बने हुए हैं। शनिवार को लेबनान में इस्राइली सेना के हमले में कम से कम 20 लोग मारे गए थे, यह घटना ईरान समर्थित हिजबुल्ला के साथ हुए संघर्ष विराम के एक दिन बाद हुई थी। जमीनी नियंत्रण और बफर जोन पर फंसा है पेच लेबनान में युद्धविराम में मुख्य पेच इस्राइल और हिजबुल्ला के बीच जमीनी नियंत्रण और बफर जोन को लेकर फंसा है। भले ही अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर सहमति बनी हो, लेकिन इस्राइल लेबनान से अपनी सेना हटाने और बफर जोन खाली करने से इनकार कर रहा है, जिसके कारण तनाव बरकरार है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 22, 2026, 03:01 IST
Hormuz: ईरान कब तक बंद रखेगा होर्मुज? लेबनान-तेल बिक्री को लेकर छूट पर फंसा पेच; इस्राइल रुकने को नहीं तैयार #World #International #IranIsraelWar #Iran #UnitedStates #Israel #Lebanon #StraitOfHormuz #Hezbollah #Bürgenstock #Irgc #IsraelKatz #SubahSamachar
