Mandi News: छुट्टी के दिन पटरी से उतरी अस्पताल की व्यवस्था
एक डॉक्टर के भरोसे चला इलाज, मरीजों को परेशानी जोगिंद्रनगर अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में उमड़ी भीड़ संवाद न्यूज एजेंसीजोगिंद्रनगर (मंडी)। अवकाश के दिन सोमवार को स्थानीय नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं। अस्पताल के एक्सरे अनुभाग और डिस्पेंसरी पर ताला लटका मिला जबकि पूरे अस्पताल की जिम्मेदारी केवल एक चिकित्सक के कंधों पर रही। उपचार के लिए पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों को घंटों इंतजार करना पड़ा। आपातकालीन कक्ष में बढ़ी भीड़ के कारण गंभीर मरीजों को भी समय पर इलाज नहीं मिल सका।सुबह नौ बजे पहुंचे कई मरीजों को दोपहर एक बजे तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। मुख्य ओपीडी बंद होने के कारण सौ से अधिक मरीज आपातकालीन सेवाओं पर निर्भर रहे। इसी चिकित्सक को आपातकालीन सेवाओं के साथ वार्ड में भर्ती मरीजों की देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी पड़ी।एक्सरे सुविधा बंद रहने से सड़क दुर्घटनाओं और अन्य चोटिल मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। डिजिटल एक्सरे नहीं होने से कई मरीजों को बिना जांच करवाए ही लौटना पड़ा या फिर निजी संस्थानों का रुख करना पड़ा। डिस्पेंसरी बंद रहने के कारण मरीजों को अस्पताल से दवाएं भी उपलब्ध नहीं हो सकीं। परिजन के उपचार के लिए पहुंचे देवेंद्र और सुनील ने बताया कि अवकाश के दिन अस्पताल में दवा वितरण और एक्सरे जैसी जरूरी सेवाएं बंद होना गंभीर मरीजों के लिए जोखिम भरी स्थिति पैदा करता है। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास नाथ ने बताया कि अवकाश के कारण अस्पताल में केवल आपातकालीन सेवाओं के लिए चिकित्सक तैनात किया गया था।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 29, 2026, 16:38 IST
Mandi News: छुट्टी के दिन पटरी से उतरी अस्पताल की व्यवस्था #HospitalOperationsGoOffTrackOnAHoliday. #SubahSamachar
