हिसार में जीवन हत्याकांड को लेकर महापंचायत: 10 खापों के प्रतिनिधि पहुंचे; दो विधायक और दो पूर्व MLA शामिल
हिसार के सूर्य नगर डेयरी संचालक जीवन हत्याकांड के मुख्यारोपी रमेश की गिरफ्तारी को लेकर महापंचायत शुरु हो गई है। आदमपुर के विधायक चंद्रप्रकाश, उकलाना के विधायक नरेश सेलवाल, बरवाला के पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला, महम से पूर्व विधायक बलराज कुंडू सहित कई अन्य नेता महापंचायत में पहुंचे हैं। करीब 10 से अधिक खाप भी पंचायत में हिस्सा ले रही हैं। महापंचायत में शामिल लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर प्रदेश भर में आदोलन का एलान किया है। डेयरी संचालक जीवन हत्याकांड के मुख्य आरोपी रमेश पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इस मामले में वांछित सभी आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया है। अब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से खफा परिजनों व खाप पंचायतों के प्रतिनिधि बुधवार को लघु सचिवालय के बाहर चल रहे पक्के मोर्चे पर महापंचायत बुलाई है। बता दें कि पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया था कि इस मामले में अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य की गिरफ्तारी के लिए 10 पुलिस टीमें तलाश में जुटी हैं। मामले में वांछित सभी आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है ताकि कोई भी आरोपी देश से बाहर भागकर कानून की कार्रवाई से बचने का प्रयास न कर सके। मुख्य आरोपी सूर्य नगर की गली नंबर 6 निवासी रमेश पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। उसके उत्तर प्रदेश में होने के इनपुट मिले हैंं। वह ज्यादातर ट्रेन में सफर कर रहा है। एसपी ने आमजन से मोबाइल नंबर 88140-11309 और 88140-57100 पर रमेश के बारे में सुराग देने के अपील की है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 12, 2026, 09:13 IST
हिसार में जीवन हत्याकांड को लेकर महापंचायत: 10 खापों के प्रतिनिधि पहुंचे; दो विधायक और दो पूर्व MLA शामिल #CityStates #Hisar #Haryana #JivanMurderCase #HisarMurderCase #HaryanaCrime #SubahSamachar
