Himachal: जन संपर्क को सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने डिजिटल गेट पास प्रणाली का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री से भेंट की प्रक्रिया को सरल व सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश राज्य सचिवालय में मौजूदा प्रवेश व्यवस्था के साथ डिजिटल गेट पास प्रणाली शुरू की गई है। इस ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से डाउनलोड करने योग्य डिजिटल गेट पास स्वतः तैयार होगा, जिससे मैनुअल कागजी प्रक्रिया की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। बिना पूर्व अनुमति के आने वाले आगंतुकों के लिए भी स्वागत कक्ष से सीधे गेट पास जारी किए जा सकेंगे। इसमें ओटीपी आधारित प्रमाणीकरण तथा आधार आधारित चेहरा प्रमाणीकरण जैसी उन्नत पहचान सत्यापन सुविधाएं शामिल की गई हैं। सुरक्षा कर्मियों की ओर से डिजिटल गेट पास पर उपलब्ध बारकोड स्कैन कर प्रवेश सत्यापन किया जाएगा। सीएम सुक्खू ने मुलाकात और आधिकारिक बैठकों के समन्वय को सुचारू बनाने के उद्देश्य से नई एकीकृत डिजिटल प्रणाली यूनिफाइड डिजिटल कैलेंडर एंड अपॉइंटमेंट मैनेजमेंट सिस्टम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्लेटफॉर्म मुख्यमंत्री कार्यालय के लिए प्रमुख इंटरफेस के रूप में कार्य करेगा तथा राज्यभर के सरकारी अधिकारियों के पेशेवर कैलेंडर के प्रबंधन के लिए मजबूत ढांचा भी प्रदान करेगा। यह पहल जनता और सरकार के बीच डिजिटल सेतु का कार्य करेगी, जिससे जन संपर्क अधिक सुविधाजनक और प्रभावी बनेगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 08, 2026, 13:37 IST
Himachal: जन संपर्क को सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने डिजिटल गेट पास प्रणाली का किया शुभारंभ #CityStates #HimachalPradesh #Shimla #HimachalNews #DigitalGatePass #SubahSamachar
