Himachal News: तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर का 76.07 करोड़ का वार्षिक बजट पारित
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय, हमीरपुर के लिए वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 76.07 करोड़ रुपये का महत्वाकांक्षी एवं दूरदर्शी वार्षिक बजट पारित कर तकनीकी शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में एक नई दिशा निर्धारित की है। कुलपति एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. अभिषेक जैन की अध्यक्षता में आयोजित वित्त समिति की बैठक में व्यापक विचार-विमर्श के बाद इस बजट को स्वीकृति प्रदान की गई, जिसे विश्वविद्यालय के शासी मंडल (बीओडी) द्वारा भी अनुमोदित किया गया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि इस विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल पारंपरिक शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को नवाचार, शोध कौशल और विविध सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। यह बजट विद्यार्थियों के शैक्षणिक सशक्तिकरण के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय में इन सभी गतिविधियों का नियमित और प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव होगा। उन्होंने कहा कि उद्यमिता विकास कार्यक्रम, औद्योगिक अनुभव एवं प्रशिक्षण पर विश्वविद्यालय का विशेष फोकस रहेगा, ताकि विद्यार्थी व्यावहारिक ज्ञान के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी आगे बढ़ सकें। कुलपति डॉ. अभिषेक जैन ने बताया कि विश्वविद्यालय शीघ्र ही पीएचडी कार्यक्रम प्रारंभ करने जा रहा है, जिसे न केवल विश्वविद्यालय परिसर बल्कि इसके संबद्ध संस्थानों में भी लागू किया जाएगा। यह पहल प्रदेश में शोध संस्कृति को सुदृढ़ करने और उच्च शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि यह बजट तकनीकी विश्वविद्यालय की उस प्रगतिशील सोच का परिचायक है, जिसमें शिक्षा, शोध, कौशल विकास और उद्यमिता का संतुलित समावेश है। यह पहल निस्संदेह प्रदेश के तकनीकी शिक्षा परिदृश्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मील का पत्थर साबित होगी। शोध एवं नवाचार को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पहली बार विशेष बजट का प्रावधान किया गया है। आधुनिक प्रयोगशालाओं, उपकरणों एवं तकनीकी अवसंरचना के विकास के लिए 3 करोड़ रुपये तथा पुस्तकों, ई-पुस्तकों एवं शोध पत्रिकाओं के लिए 1 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं, जो विश्वविद्यालय की गुणवत्ता उन्नयन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 20, 2026, 14:04 IST
Himachal News: तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर का 76.07 करोड़ का वार्षिक बजट पारित #CityStates #Shimla #HimachalPradesh #HptuHamirpurBudget2026 #HimachalTechnicalUniversity76CroreBudget #HptuAnnualBudgetPassed #HptuPhdProgrammeBudget #HptuEntrepreneurshipBudget #SukhwinderSinghSukhuHptuBudget #HptuResearchInnovationBudget #SubahSamachar
