हिमाचल प्रदेश: सुजानपुर के आसमान में गूंजे लड़ाकू विमान, चार हॉक ने की एयर शो की रिहर्सल

सुजानपुर टिहरा का आसमान मंगलवार को भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों की गर्जना से गूंज उठा। 25 और 26 मार्च को प्रस्तावित एयर शो से पहले चार हॉक विमानों ने अधिकारियों की निगरानी में भव्य रिहर्सल की। रिहर्सल के दौरान विमानों ने सुजानपुर के आसमान में शानदार उड़ान भरते हुए विभिन्न एरोबेटिक करतबों का अभ्यास किया। सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य एवं वायु सेना की वरिष्ठ अधिकारी ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने बताया कि भारतीय वायु सेना के चार हॉक विमान चंडीगढ़ से उड़ान भरकर सुजानपुर पहुंचे और एयर शो की रिहर्सल की। इस दौरान पायलटों ने एरिया मैपिंग की, ताकि मुख्य आयोजन के दिन बेहतर और सटीक प्रदर्शन किया जा सके। उन्होंने बताया कि सुजानपुर का भौगोलिक क्षेत्र चुनौतीपूर्ण है। पहाड़ी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विशेष अभ्यास किया गया है, ताकि दर्शकों को सुरक्षित और रोमांचक प्रदर्शन मिल सके। एयर शो में वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम हिस्सा लेगी। टीम के कुल नौ विमान मैदान के ठीक ऊपर आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। आयोजन के लिए सूर्यकिरण टीम सुजानपुर पहुंच चुकी है और कमेंट्री की तैयारी भी पूरी कर ली गई है। ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने बताया कि एयर शो के दौरान विमान चंडीगढ़ और आदमपुर स्थित एयर फोर्स स्टेशनों से उड़ान भरेंगे। प्रशासन की ओर से आयोजन को लेकर पूरा सहयोग दिया जा रहा है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 24, 2026, 10:21 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




हिमाचल प्रदेश: सुजानपुर के आसमान में गूंजे लड़ाकू विमान, चार हॉक ने की एयर शो की रिहर्सल #CityStates #Hamirpur(himachal) #Shimla #HimachalPradesh #SujanpurAirShow #SuryakiranAirShowSujanpur #SujanpurTiraAirShow2026 #IndianAirForceAirShowSujanpurHimachal #SuryaKiranAerobaticTeamSujanpur #HamirpurAirShow #SujanpurTihraSainikSchoolAirShow #HawkAircraftRehearsalSujanpur #SubahSamachar