जगदलपुर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, तीन युवक गंभीर रुप से घायल

लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र के अलनार-नरीपानी के बीच मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में तीनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायलों को लोहंडीगुड़ा के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से बेहतर उपचार के लिए उन्हें मेकाज (मेडिकल कॉलेज अस्पताल) रेफर कर दिया गया है। घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। लोहंडीगुड़ा थाना प्रभारी रवि बैंगा ने बताया कि लखीबेड़ा निवासी हेमधर, मोटा और फाल्गुनी सेठिया मोटरसाइकिल पर सवार होकर घूमने के लिए निकले थे। मोटरसाइकिल को मोटा चला रहा था। जैसे ही उनकी बाइक अलनार-नरीपानी के बीच पहुंची, लोहंडीगुड़ा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें अनियंत्रित होकर टक्कर मार दी। इस जोरदार टक्कर में तीनों युवकों को गंभीर चोटें आईं, वहीं कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने तत्काल सहायता प्रदान की और घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद, घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेकाज रेफर किया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। यह घटना क्षेत्र में यातायात सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता का विषय बनी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 17, 2026, 18:25 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




जगदलपुर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, तीन युवक गंभीर रुप से घायल #CityStates #Crime #Jagdalpur #RoadAccident #Chhattisgarh #CgNewsToday #SubahSamachar