Weather Update: बरेली में होगी झमाझम बारिश, पांच दिन तक मौसम का यलो अलर्ट जारी

मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने के बाद से बरेली और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश का दौर जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने बरेली जिले के लिए आगामी पांच दिनों तक यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि आने वाले पांच दिनों तक आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और अच्छी बरसात होगी, जिसके बाद ही मौसम सामान्य हो सकेगा। मंगलवार को दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही लगी रही और कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन इसके बावजूद लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। स्थिति यह थी कि लोग दिनभर पसीना पोंछने को मजबूर रहे और चिपचिपी गर्मी ने हर किसी को बेहाल कर दिया। मंगलवार को बरेली का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिसने रात के समय भी गर्मी का अहसास बनाए रखा। मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह ने बताया देश भर में मानसून सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली अत्यधिक नम हवा लगातार क्षेत्र में दाखिल हो रही है। अगले पांच दिनों के यलो अलर्ट के दौरान होने वाली बारिश से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को राहत मिलेगी। इसके बाद मौसम सामान्य रहने की संभावना है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 08, 2026, 06:36 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Weather Update: बरेली में होगी झमाझम बारिश, पांच दिन तक मौसम का यलो अलर्ट जारी #CityStates #Bareilly #UttarPradesh #HeavyRain #YellowAlert #Rain #BareillyWeather #SubahSamachar