Rajasthan Weather: राजस्थान में गर्मी का प्रकोप जारी, कई जिलों में हीटवेव अलर्ट; श्रीगंगानगर सबसे गर्म

राजस्थान में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक राहत की संभावना कम जताते हुए प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्सों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों के दौरान पिलानी (45.3 डिग्री सेल्सियस), फलोदी और बीकानेर (44.8 डिग्री सेल्सियस), चूरू (44.5 डिग्री सेल्सियस), कोटा और अलवर (44.2 डिग्री सेल्सियस) तथा चित्तौड़गढ़ (44 डिग्री सेल्सियस) में भी तेज गर्मी दर्ज की गई। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, भरतपुर और कोटा संभाग के अधिकांश इलाके लू की चपेट में रहे। हालांकि कुछ जिलों में तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिली। सिरोही में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और प्रतापगढ़ में 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चित्तौड़गढ़, अलवर, टोंक, फतेहपुर, करौली और दौसा समेत कई शहरों में पारे में 1 से 2 डिग्री तक कमी आई, लेकिन गर्मी का असर बरकरार रहा। यह भी पढें-Jaipur News:जयपुर में सरस दूध हुआ महंगा, 21 मई शाम से नई दरें लागू; दही, छाछ, लस्सी और पनीर के दाम भी बढ़े अगले चार दिन मौसम रहेगा शुष्क मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश में आगामी चार दिन तक मौसम शुष्क बना रहेगा और हीटवेव की स्थिति जारी रह सकती है। दोपहर के समय तेज गर्म हवाएं चलने और तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। लोगों को दोपहर में घरों से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है। जयपुर में मामूली राहत, लेकिन तपिश कायम राजधानी जयपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पारे में हल्की गिरावट के बावजूद दिनभर गर्म हवाओं और चुभती धूप से लोगों को राहत नहीं मिली। शेखावाटी मेंचार दिन हीटवेव सीकर और शेखावाटी क्षेत्र में भीषण गर्मी का दौर जारी है। यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक क्षेत्र में हीटवेव और शुष्क मौसम बने रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान यहां धूल भरी आंधियां भी चलेंगी। अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री के आस-पास बने रहने का अनुमान है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 21, 2026, 07:05 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Rajasthan Weather: राजस्थान में गर्मी का प्रकोप जारी, कई जिलों में हीटवेव अलर्ट; श्रीगंगानगर सबसे गर्म #CityStates #Jaipur #Rajasthan #Barmer #Jodhpur #Bharatpur #Ajmer #RajasthanWeather #RajasthanHeatwave #RajasthanTemperature #SubahSamachar