राजस्थान: सिजेरियन डिलीवरी के बाद आठ प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ी, दो की हालत गंभीर; अस्पताल का ऑपरेशन थिएटर बंद
राजस्थान में सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। कोटा और बीकानेर के बाद अब जोधपुर के पावटा जिला अस्पताल में भी ऐसा मामला सामने आया है। यहां सिजेरियन ऑपरेशन से प्रसव कराने वाली आठ महिलाओं की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को पावटा जिला अस्पताल में आठ महिलाओं की सिजेरियन डिलीवरी की गई थी। ऑपरेशन के कुछ समय बाद कई महिलाओं में स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं सामने आने लगीं। कुछ मरीजों को कमजोरी, रक्तचाप में गिरावट और अन्य चिकित्सकीय समस्याओं की शिकायत हुई, जिसके बाद डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। ऑपरेशन थिएटर को बंद किया मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने एहतियातन ऑपरेशन थिएटर को बंद कर दिया है। साथ ही संभावित संक्रमण या अन्य तकनीकी कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। दो महिलाओं को एमडीएम अस्पताल किया गया रेफर एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बी.एस. जोधा ने बताया कि प्रभावित आठ महिलाओं में से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल रेफर किया गया है। शेष छह महिलाओं का उपचार पावटा जिला अस्पताल में ही चल रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि गंभीर मरीजों में एक महिला को अत्यधिक रक्तस्राव की समस्या हुई, जबकि दूसरी महिला पहले से मधुमेह की मरीज थी और उसका रक्तचाप काफी कम हो गया था। दोनों का विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी है। ये भी पढ़ें-Bihar News:अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में पटना रेफर; दहशत में परिवार स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। ऑपरेशन थिएटर और सर्जरी में उपयोग की गई चिकित्सा सामग्री के नमूने एकत्र कर परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि संक्रमण, दवाओं की गुणवत्ता या अन्य तकनीकी कारणों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल, सभी प्रभावित महिलाओं की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने के पीछे वास्तविक कारण क्या था।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 22, 2026, 09:48 IST
राजस्थान: सिजेरियन डिलीवरी के बाद आठ प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ी, दो की हालत गंभीर; अस्पताल का ऑपरेशन थिएटर बंद #CityStates #Jodhpur #Rajasthan #RajasthanHospitalNews #CaesareanDeliveryComplications #C-sectionPatientsFallIll #RajasthanHealthNews #OperationTheatreClosed #RajasthanNewsInHindi #NewsInHindi #SubahSamachar
