एचबीएसई : 10वीं और 12वीं के 17305 छात्र देंगे परीक्षा
कैथल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। जिले में 10वीं के 9624 व 12वीं के 7681 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इसके लिए कुल 74 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अध्यापक महत्वपूर्ण प्रश्नों, मॉडल पेपर और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों के माध्यम से बच्चों को परीक्षा पैटर्न समझा रहे हैं। कई स्कूलों में प्री-बोर्ड परीक्षाओं के आधार पर कमजोर विषयों पर अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जा रही हैं।परीक्षाओं के लिए जिले के स्कूलों में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। वहीं विद्यार्थी भी अच्छे अंक हासिल करने के लिए जमकर मेहनत कर रहे हैं। सुबह-शाम पुस्तकालयों और कोचिंग सेंटरों में विद्यार्थियों की भीड़ देखी जा सकती है। बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए विशेष रिवीजन कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। विद्यार्थियों का कहना है कि वे समय सारिणी बनाकर पढ़ाई कर रहे हैं। सुबह के समय कठिन विषयों की तैयारी और शाम को हल्के विषयों का पुनरावृत्ति की जा रही है। कुछ विद्यार्थी समूह बनाकर पढ़ाई कर रहे हैं। अभिभावक भी बच्चों को अनुकूल वातावरण देने का प्रयास कर रहे हैं और उन्हें मोबाइल व सोशल मीडिया से दूर रहने की सलाह दे रहे हैं। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 20, 2026, 03:28 IST
एचबीएसई : 10वीं और 12वीं के 17305 छात्र देंगे परीक्षा #HBSE:17305StudentsOf10thAnd12thWillAppearForTheExam. #SubahSamachar
