Meerut News: चौथे दिन भी बहाल नहीं हुआ हस्तिनापुर-चांदपुर मार्ग
- लोगों को करना पड़ रहा लंबा सफरसंवाद न्यूज एजेंसीहस्तिनापुर। भीमकुंड गांव के पास क्षतिग्रस्त हुआ हस्तिनापुर-चांदपुर (बिजनौर) संपर्क मार्ग बुधवार को भी सुचारु नहीं हो सका। मार्ग कटने के चार दिन बाद भी परिवहन व्यवस्था बहाल न होने से क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आवश्यक कार्यों से आने-जाने वाले लोगों को बिजनौर बैराज से लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। पिछले कई दिनों तक हुई बारिश के कारण कुछ किसानों ने खेतों में जलभराव और फसलों को हो रहे नुकसान से परेशान होकर भीमकुंड के निकट संपर्क मार्ग की मिट्टी हटाकर पानी की निकासी कर दी थी। किसानों का कहना था कि जलभराव के कारण उनकी लाखों रुपये की फसल बर्बाद हो रही थी। इसके बाद से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर वार्ता की थी। बैठक में किसानों की समस्या को देखते हुए दो दिन तक पानी की निकासी जारी रखने और उसके बाद मार्ग की मरम्मत शुरू कराने पर सहमति बनी थी।बुधवार तक जंगल क्षेत्र में जमा पानी काफी हद तक कम हो गया है। ऐसे में स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि अगले एक-दो दिनों में लोक निर्माण विभाग मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू कर आवागमन बहाल करेगा। वहीं मार्ग बंद होने से रोजमर्रा की आवाजाही, व्यापारिक गतिविधियों और आपातकालीन सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराकर परिवहन व्यवस्था सामान्य करने की मांग की है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 15, 2026, 18:02 IST
Meerut News: चौथे दिन भी बहाल नहीं हुआ हस्तिनापुर-चांदपुर मार्ग #Hastinapur-ChandpurRoadRemainsClosedForTheFourthDay. #SubahSamachar
