Jhajjar-Bahadurgarh News: एशियाई चैंपियनशिप में दम दिखाने ताजिकिस्तान पहुंची हरियाणा की अंजलि

बहादुरगढ़। एसडीएम कार्यालय बहादुरगढ़ में कार्यरत क्लर्क एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अंजलि चौहान ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में शुरू हो रही 15वीं एशियाई सीनियर कुराश चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अंजलि ताजिकिस्तान पहुंच चुकी हैं और खेल प्रेमियों को उनसे मेडल की उम्मीदें हैं। हिसार मूल की रहने वाली अंजलि पिछले करीब डेढ़ दशक से कुश्ती, जूडो और कुराश में शानदार प्रदर्शन करती आ रही हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक पदक जीत चुकी अंजलि से इस बार भी खेल प्रेमियों को पदक की बड़ी उम्मीद है। परिजनों, कोच व खेल प्रेमियों ने मेडल की उम्मीदों के साथ अंजलि को ताजिकिस्तान के लिए रवाना किया। अंजलि की खेल यात्रा संघर्ष और समर्पण की मिसाल रही है। शादी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बाद भी उन्होंने खेल को नहीं छोड़ा। एक बेटी की मां होने के बावजूद उन्होंने लगातार अभ्यास जारी रखा और देश के लिए कई उपलब्धियां हासिल की। वर्ष 2012 में वह कुश्ती में मिस हरियाणा और भारत महिला केसरी का खिताब भी जीत चुकी हैं। इसके अलावा जूडो, कुश्ती और कुराश में भी उन्होंने अनेक पदक अपने नाम किए हैं। अंजलि की सफलता में उनके पति दीपक का भी महत्वपूर्ण योगदान है। बॉडी बिल्डर दीपक उनकी तैयारी और अभ्यास में हर कदम पर सहयोग करते हैं। परिवार के समर्थन और अपनी कड़ी मेहनत के दम पर अंजलि अब एशियाई चैंपियनशिप में उतरेंगी। अंजलि ने बताया कि देश का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात है और वह भारत का परचम बुलंद करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी। कोच अनिल अहलावत ने कहा कि अंजलि बेहद होनहार खिलाड़ी है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि वह ताजिकिस्तान से पदक जीतकर लौटेंगी और देश का नाम रोशन करेंगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 11, 2026, 20:11 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Jhajjar-Bahadurgarh News: एशियाई चैंपियनशिप में दम दिखाने ताजिकिस्तान पहुंची हरियाणा की अंजलि #Haryana'sAnjaliReachedTajikistanToShowHerStrengthInTheAsianChampionship #SubahSamachar