महिला आयोग की अध्यक्ष की टिप्पणी पर बवाल: हरियाणा में नर्सिंग अधिकारी दो घंटे की हड़ताल पर, माफी की मांग
हरियाणा के नर्सिंग अधिकारियों ने हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया की टिप्पणी और व्यवहार के विरोध में आज प्रदेशभर के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में दो घंटे की पेन-डाउन हड़ताल करने की घोषणा की है। यह निर्णय नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन (हरियाणा) की ओर से लिया गया है। एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष विनीता कुमारी ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य), महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं व सभी सिविल सर्जनों को भेजे पत्र में कहा है कि 7 जून को कुरुक्षेत्र के सिविल अस्पताल में डॉक्टर रेप केस की जांच के दौरान महिला आयोग अध्यक्ष की ओर से नर्सिंग अधिकारियों के प्रति अमर्यादित टिप्पणी की गई। पत्र में आरोप लगाया गया है कि नर्सिंग स्टाफ पर अनुचित आरोप लगाए गए और पूरे नर्सिंग कैडर की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। एसोसिएशन ने कहा कि संबंधित मामले में नर्सिंग अधिकारियों की कोई भूमिका नहीं है और पूरे नर्सिंग समुदाय को कठघरे में खड़ा करना उचित नहीं है। संगठन ने मांग की है कि रेणु भाटिया सार्वजनिक रूप से पूरे नर्सिंग कैडर से माफी मांगें। पत्र के अनुसार, इस विरोध के तहत 9 जून को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हरियाणा के सभी जिला स्वास्थ्य संस्थानों में नर्सिंग अधिकारी पेन-डाउन हड़ताल करेंगे। संगठन ने इसे नर्सिंग समाज की भावनाओं से जुड़ा मुद्दा बताते हुए सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आगे की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 09, 2026, 06:24 IST
महिला आयोग की अध्यक्ष की टिप्पणी पर बवाल: हरियाणा में नर्सिंग अधिकारी दो घंटे की हड़ताल पर, माफी की मांग #CityStates #Chandigarh-haryana #HaryanaWomenCommission #RenuBhatia #NursingOfficersStrike #SubahSamachar
