Hardoi: पांच किशोर-किशोरियां गंगा नदी में डूबीं, एक की मौत, तीन को गोताखोरों ने बचाया, एक लापता

बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के नोखेपुरवा के पास गंगाघाट पर गंगा नदी से कलश में जल भरते समय पांच किशोर-किशोरियां डूब गईं। पास-पड़ोस के लोगों ने पांच में चार को नदी से निकाल लिया। इसमें एक किशोरी की मौत हो गई जबकि एक अन्य किशोर लापता है। किशोर की तलाश कराई जा रही है। तहसील के अधिकारी मौके पर हैं। घटना से परिवार व गांव में मातम छा गया। क्षेत्र के म्योरा मोड़ स्थित मंदिर पर श्रीमद्भागवत कथा का बृहस्पतिवार को शुभारंभ होना था। इसके लिए गांव के श्रद्धालुओं ने कलशयात्रा निकाली और गंगा से जल भरने के लिए पिकअप से गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि म्योरा मोड़ निवासी संध्या (14) पुत्री रविशंकर, ग्राम म्योरा निवासी ओम श्री (14) पुत्र राजेश, स्नेहा (12) पुत्री महेंद्र, सोनम (11) पुत्री सोनू और अंशी (14) पुत्री राकेश कलश में जल भरने के दौरान पैर फिसल जाने से गंगा नदी के कुंड में चले गए। पांचों को कुंड में डूबता देख कलशयात्रा में शामिल महिलाएं और अन्य लोगों ने चीख-पुकार मचा दी। इस पर नोखेपुरवा के लोगों ने नदी में छलांग लगा दी। चार को बाहर निकाल लिया। इसमें संध्या को जब तक बाहर निकाला गया तब तक उसने दम तोड़ दिया। स्नेहा, सोनम और अंशी की हालात सामान्य बताई गई है। घटना के संबंध में संध्या के पिता रविशंकर ने बताया कि संध्या जूनियर हाईस्कूल पेड़ापुर में कक्षा आठ की छात्रा थी। वह छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। बताया कि म्योरा मोड़ पर श्रीदेवी मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा शुरू हो रही है। इसी की कलशयात्रा में संध्या भी गई थी। बिलग्राम एसडीएम एन राम ने बताया कि हादसे की जानकारी है। राजस्व टीम और पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता ओम श्री की तलाश कराई जा रही है। रात होने के कारण तलाश में बाधा आ रही है। आवश्यकता पड़ने पर एसडीआरएफ या पीएसी की मदद ली जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 14, 2026, 20:54 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Hardoi: पांच किशोर-किशोरियां गंगा नदी में डूबीं, एक की मौत, तीन को गोताखोरों ने बचाया, एक लापता #CityStates #Hardoi #Kanpur #UttarPradesh #HardoiNews #UpNews #SubahSamachar