Hardoi: परीक्षा देकर घर जा रही छात्रा पर शोहदे ने किया बांके से हमला, गंभीर
शिकायत किए जाने से नाराज शोहदे ने परीक्षा देकर घर जा रही इंटरमीडिएट की छात्रा पर बांके से हमला कर दिया। लोनार कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर तिराहा के पास बुधवार शाम हुई घटना में घायल छात्रा को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। लोनार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती (18) लोनार के एक इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की छात्रा है। उसका परीक्षा केंद्र बावन में स्थित एक विद्यालय में है। बुधवार को दूसरी पाली में छात्रा की सामाजिक विज्ञान की परीक्षा थी। परीक्षा देकर बाइक से वह मां के साथ गांव जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी गांव निवासी युवक ने पीछे से बाइक पर आकर छात्रा पर बांके से वार कर दिया। इसके कारण छात्रा बाइक समेत गिर गई। घटनास्थल के पास मौजूद यातायात उपनिरीक्षक दिनेश मिश्रा ने युवती को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। घटना के बारे में पता चला है कि आरोपी युवक कई दिनों से युवती से बातचीत करने की कोशिश कर रहा था। इसकी शिकायत दो दिन पहले लोनार थाने में भी की गई थी। परीक्षा देने के लिए जाते समय भी युवक ने छात्रा का पीछा किया था। छात्रा ने यूपी 112 पर शिकायत की थी। इस पर आई पुलिस टीम ने उसे निश्चिंत होकर परीक्षा देने के लिए कहा था। दावा है कि परीक्षा देकर निकलते समय भी युवक ने छात्रा का पीछा किया। 5:43 बजे छात्रा ने यूपी 112 पर घटना की जानकारी भी दी थी। इसके बाद भी युवक ने छात्रा पर हमला कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी एमपी सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है। आरोपी की तलाश की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 25, 2026, 21:16 IST
Hardoi: परीक्षा देकर घर जा रही छात्रा पर शोहदे ने किया बांके से हमला, गंभीर #CityStates #Hardoi #Kanpur #HardoiNews #UpNews #SubahSamachar
