साइबर ठगी का अंडरवर्ल्ड: शिक्षक-मोची से प्रॉपर्टी डीलर तक बन गए ठग, एक तो बेटी की शादी से पहले हुआ गिरफ्तार
मुंबई आधारित साइबर ठगों के इस सिंडिकेट में शामिल आरोपियों को लालच और शॉर्टकट से कम समय में मोटा पैसा कमाने की चाहत थी। इसी के चलते इन पढ़े-लिखे लोगों से लेकर छोटे कारीगरों तक को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में अजीत प्रताप सिंह इस गैंग से करीब दो साल से जुड़ा हुआ था। 10वीं पास अजीत प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। उसके परिवार में दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी का विवाह 24 नवंबर 2026 को होना है। घर में शादी की खुशियों और तैयारियों का माहौल था लेकिन पुलिस के शिकंजे ने उसे जेल पहुंचा दिया। राजू ने तैयार किया नेटवर्क आरोपी राजू पालीवाल पार्क के पास ढाबा चलाता है और उसने सुहाग नगर में श्री गणेश ट्रेवल्स एंड कार्गो के नाम से फर्जी फर्म बनाकर करंट खाते खुलवाए थे। राजू के पास अजीत खाना खाने जाता था। वहां से दोनों में दोस्ती हुई और राजू ने गैंग का विस्तार किया। राजू ने ही अपने रिश्ते के भतीजे एदल सिंह, जोकि शिक्षक है और अपने पड़ोसी महेंद्र (जूता कारीगर) को इस दलदल में खींचा। छठवीं पास जूता कारीगर सुरेश जब लोन कराने के चक्कर में इनके संपर्क में आया, तो वह भी मोटा पैसा कमाने के लालच में साइबर ठगी के इस काले कारोबार का हिस्सा बन गया। ठगी के पैसों से ही फाइनेंस पर एक माह पहले ही किआ सोनेट कार खरीदी थी। पुलिस प्रशासन की अपील एसएसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि किसी भी अनजान कॉल, इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर मिलने वाले प्रलोभन या लुभावने लिंक्स के झांसे में न आएं। अपने आधार, पैन या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 02, 2026, 09:46 IST
साइबर ठगी का अंडरवर्ल्ड: शिक्षक-मोची से प्रॉपर्टी डीलर तक बन गए ठग, एक तो बेटी की शादी से पहले हुआ गिरफ्तार #CityStates #Agra #Firozabad #Etah #Mainpuri #Kasganj #Mathura #UttarPradesh #FirozabadCyberFraud #AmitBabaGang #PropertyDealerArrested #TeacherInvolvedInCybercrime #Shoemaker #QuickMoneyScam #AjitPratapSingh #Raju #फिरोजाबादसाइबरठगी #अमितबाबागैंग #SubahSamachar
