Hathras News: बाबा के साथ ट्रैक्टर पर बैठा साढ़े तीन साल का पौत्र, नीचे गिरकर पहिए से कुचला, मासूम की मौत
कोतवाली हाथरस गेट के गांव भोजपुर में 28 जून सुबह ट्रैक्टर के पहिये से कुचलकर एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के वक्त मासूम अपने ही बाबा के साथ ट्रैक्टर पर सवार था। अचानक फिसल कर गिरने से वह ट्रैक्टर के पहिये से कुचल गया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। गांव भोजपुर निवासी महीपाल सिंह रविवार सुबह खेत पर ट्रैक्टर से काम करने गए थे। उनका साढ़े तीन वर्षीय पौत्र कुलदीप भी जिद कर उनके साथ खेत पर आ गया था। वह बाबा के साथ खेत पर धमाचौकड़ी करने लगा। इसी दौरान बाबा ने उसे खेत पर काम करने के लिए ट्रैक्टर पर अपने साथ बैठा लिया। सुबह करीब सात बजे कुलदीप अचानक ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और पहिये की चपेट में आ गया। हादसे की जानकारी पर लोग एकत्रित हो गए। कुलदीप के पिता किशन गोपाल उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मौत की खबर मिलते ही बच्चे की मां बेसुध हो गई। परिजन रोते-बिलखते हुए शव गांव ले गए। एसएचओ हाथरस गेट नितिन कसाना ने बताया कि हादसे की जानकारी बाद में हुई। परिजनों की ओर से कार्रवाई नहीं की गई है। इस घटना के बाद आस-पड़ोस में भी शोक छा गया। नम आंखों के साथ परिजन बार-बार मासूम को याद कर बेसुध हो जाते हैं। बाबा इस घटना के बाद सदमे में हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 29, 2026, 08:59 IST
Hathras News: बाबा के साथ ट्रैक्टर पर बैठा साढ़े तीन साल का पौत्र, नीचे गिरकर पहिए से कुचला, मासूम की मौत #CityStates #Hathras #UttarPradesh #GrandsonDeath #CrushedByTractor #BhojpurHathras #HathrasNews #SubahSamachar
