Una News: चुरुड़ू पशु चिकित्सालय के ताले तोड़ सरकारी संपत्ति को पहुंचाया नुकसान
बडूही (ऊना)। उपमंडल अंब के तहत चुरुड़ू पशु चिकित्सालय में बीती रात अज्ञात शरारती तत्वों ने ताले तोड़कर तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद क्षेत्र में रोष का माहौल है तथा ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार देर रात कुछ अज्ञात शरारती तत्वों ने पशु चिकित्सालय के मुख्य द्वार के ताले तोड़ दिए और अस्पताल के भीतर प्रवेश कर गए। अंदर घुसने के बाद उन्होंने कार्यालय में रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया। पशु चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय में रखी मुख्य अलमारी को भी खोल दिया गया और उसमें रखा सामान बिखेर दिया गया। अस्पताल के विभिन्न कमरों में भी सामान इधर-उधर फैला हुआ मिला, जिससे स्पष्ट है कि शरारती तत्वों ने परिसर में काफी देर तक उत्पात मचाया।शनिवार सुबह जब अस्पताल के कर्मचारी नियमित ड्यूटी पर पहुंचे तो मुख्य द्वार के ताले टूटे देखकर उनके होश उड़ गए। कर्मचारियों ने अंदर जाकर देखा तो कार्यालय का सामान बिखरा पड़ा था और सरकारी अभिलेखों सहित अन्य वस्तुएं अस्त-व्यस्त थीं। इसके बाद तत्काल विभागीय अधिकारियों को सूचित किया गया और मामले की जानकारी पुलिस थाना अंब को दी गई। स्थानीय पुलिस ने अस्पताल परिसर में हुए नुकसान का जायजा लिया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पशु चिकित्सालय में तोड़फोड़ संबंधी शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 13, 2026, 19:45 IST
Una News: चुरुड़ू पशु चिकित्सालय के ताले तोड़ सरकारी संपत्ति को पहुंचाया नुकसान #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
