Gonda: पेड़ से टकराई कार, महिला महाविद्यालय के प्रबंधक की मौत, ट्रक को ओवरटेक करते समय हादसा

मनकापुर-दर्जीकुआं मार्ग पर जोगापुर गांव के पास मंगलवार रात ट्रक को ओवरटेक करते समय कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में मनकापुर के प्रतिष्ठित व्यवसायी और सरदार मोहर सिंह महिला महाविद्यालय के प्रबंधक स्वर्ण पाल सिंह उर्फ कोके सरदार (63) की मौत हो गई। स्वर्ण पाल सिंह अपने परिचित घुनाही निवासी विनोद कुमार तिवारी के साथ शहर से घर लौट रहे थे। मंगलवार रात जोगापुर गांव के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने लगी। इसी दौरान सामने से एक पिकअप आ गया। इस दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे स्वर्ण पाल सिंह को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे में कार में सवार विनोद बाल-बाल बच गए। थानाध्यक्ष गौरव सिंह तोमर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर कोतवाली परिसर में खड़ा कराया गया है। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ स्वर्ण पाल सिंह अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। बड़े भाई अजीत सिंह और अमरजीत सिंह हैं। परिवार में उनकी मां गुरुवचन कौर, दो बेटियां और अन्य परिजन हैं। बड़ी बेटी शिल्की का विवाह हो चुका है, जबकि छोटी बेटी रिंपी लुधियाना में एक निजी संस्था में कार्यरत हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 17, 2026, 18:22 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Gonda: पेड़ से टकराई कार, महिला महाविद्यालय के प्रबंधक की मौत, ट्रक को ओवरटेक करते समय हादसा #CityStates #Gonda #GondaNews #AccidentInGonda #SubahSamachar