सोने में लौटी चमक: 1.64 लाख रुपये के पार पहुंचा भाव, चांदी धड़ाम; जानिए सर्राफा बाजार में क्या चल रहा
सर्राफा बाजार में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। वैश्विक व्यापारिक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक तनाव के बीच शुक्रवार को सोने की कीमतों में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरी ओर चांदी की कीमतों में नरमी का रुख रहा। आइए आसान सवाल-जवाब के जरिए समझते हैं कि कीमती धातुओं के बाजार में इस उतार-चढ़ाव की असली वजह क्या है और आगे निवेशकों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। घरेलू बाजार में सोने और चांदी के ताजा भाव क्या हैं अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 1,800 रुपये उछलकर 1,64,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले गुरुवार को यह 1,62,900 रुपये पर बंद हुआ था। इसके विपरीत, चांदी लगातार दूसरे दिन टूटकर 2,500 रुपये (करीब 1 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 2,68,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई है, जो इसके पिछले बंद भाव 2,70,500 रुपये से कम है। सोने की कीमतों में आएअचानक उछाल का मुख्य कारण क्या है स्थानीय स्तर पर आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की ताजा लिवाली ने सोने की कीमतों को ऊपर उठाने में मदद की है। इसके अलावा, एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी का कहना है कि अमेरिका की बढ़ती व्यापार संरक्षणवाद नीतियों और मध्य पूर्व में जारी तनाव के कारण निवेशकों का रुझान एक सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की तरफ बढ़ा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं की क्या स्थिति है अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थिति थोड़ी मिश्रित है। स्पॉट सिल्वर 1.42 डॉलर (1.6 प्रतिशत) चढ़कर 89.72 डॉलर प्रति औंस हो गया है, जबकि वैश्विक स्तर पर सोना मामूली गिरावट के साथ 5,172.17 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है। 'मीरा एसेट शेयरखान' के कमोडिटीज एंड करेंसीज हेड प्रवीण सिंह के अनुसार, स्पॉट गोल्ड फिलहाल 5,180 डॉलर के आसपास स्थिर है, क्योंकि व्यापारी 'अमेरिका-ईरान परमाणु समझौते' पर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे हैं। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतियों का इस पर क्या असर पड़ रहा डॉलर के स्थिर बने रहने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें कम होने की वजह से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की कीमतों में बहुत बड़ी तेजी सीमित हो गई है। आगे निवेशकों को किन प्रमुख आंकड़ों और घटनाक्रमों पर नजर रखनी चाहिए सौमिल गांधी के अनुसार, अब निवेशकों का पूरा ध्यान अमेरिका के वृहद आर्थिक आंकड़ों, विशेषकर 'प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स पर रहेगा जो आज जारी होने वाला है। यह महंगाई का आंकड़ा फेडरल रिजर्व की भविष्य की नीतियों और डॉलर व बुलियन (सोना-चांदी) की दिशा तय करेगा। इसके अलावा, फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (FOMC) के सदस्यों के भाषणों पर भी बाजार की पैनी नजर रहेगी, जिससे सोने को नई गति मिल सकती है। अब आगे के लिए क्या अनुमान भू-राजनीतिक घर्षण और टैरिफ से जुड़ी अनिश्चितताएं सोने की सेफ-हेवन मांग को लगातार एक मजबूत समर्थन दे रही हैं। हालांकि, निकट भविष्य में अमेरिकी महंगाई के आंकड़े और ब्याज दरों को लेकर फेडरल रिजर्व का रुख ही यह तय करेगा कि सर्राफा बाजार में यह तेजी आगे कैसा प्रदर्शन करेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 27, 2026, 20:10 IST
सोने में लौटी चमक: 1.64 लाख रुपये के पार पहुंचा भाव, चांदी धड़ाम; जानिए सर्राफा बाजार में क्या चल रहा #Bazar #BusinessDiary #National #SubahSamachar
