Uttarkashi News: मां राजराजेश्वरी व बाणासुर महाराज 80 साल बाद यमुनोत्री-गंगोत्री पहुंचे
ग्रामीणों ने दोनों धामों में आराध्य के साथ पूजा-अर्चना की उत्तरकाशी। रुद्रप्रयाग जिले के गुप्तकाशी क्षेत्र के लंगोड़ी गांव की आराध्य देवी मां राजराजेश्वरी और बाणासुर महाराज की ऐतिहासिक देवरा यात्रा करीब 80 वर्ष बाद यमुनोत्री और गंगोत्री धाम पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों ने दोनों धामों में अपने आराध्य देवी डोलियों के साथ ही मां यमुना और गांगा की विशेष पूजा-अर्चना की। देवरा यात्रा समिति के अध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रकाश शुक्ला व मुकेश नौटियाल ने बताया कि यह धार्मिक यात्रा 26 जून को लंगोड़ी गांव, गुप्तकाशी से विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई थी। यात्रा सबसे पहले श्रीनगर स्थित मां धारी देवी मंदिर पहुंची। यहां विशेष पूजा के बाद देवप्रयाग, ऋषिकेश और हरिद्वार होते हुए यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम के दर्शन किए गए। कहा कि दोनों धामों में देवरा यात्रा का लगभग 80 वर्षों बाद पहुंचना धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। वहीं, उत्तरकाशी जनपद मुख्यालय पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों और जयकारों के साथ देवरा यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने मां राजराजेश्वरी और बाणासुर महाराज की डोलियों की विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने देव डोलियों के समक्ष मत्था टेककर अपने परिवार की खुशहाली और क्षेत्र की समृद्धि की कामना की। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुबोध बगवाड़ी, पंचायत सदस्य मनीष बगवाड़ी, अजय जुगरण, किशन अवस्थी, नरेंद्र शर्मा, भास्कर आनंद पोस्ती, राजेश पोस्ती, सुरेश बगवाड़ी, दिनेश बगवाड़ी, मुकेश नौटियाल, भवना नौटियाल, डॉ. अरविंद नौटियाल, पवन मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 04, 2026, 14:18 IST
Uttarkashi News: मां राजराजेश्वरी व बाणासुर महाराज 80 साल बाद यमुनोत्री-गंगोत्री पहुंचे #GoddessRajrajeshwariAndKingBanasurArrivedAtYamunotriAndGangotriAfter80Years. #SubahSamachar
