गिग वर्कर्स को मिलेगा आयुष्मान भारत योजना का लाभ : श्रम आयुक्त
सोनीपत। गिग एवं प्लेटफॉर्म श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के दायरे में लाने और उन्हें विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत डिलीवरी बॉय, ऑनलाइन सेवा प्रदाता, ई-मार्केट से जुड़े श्रमिक, लॉजिस्टिक एवं राइड शेयरिंग कर्मी, प्रोफेशनल सर्विस प्रोवाइडर, हेल्थ केयर, ट्रैवल व हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के कर्मचारी, कंटेंट एवं मीडिया सेवा प्रदाता, निर्माण श्रमिक तथा अन्य प्लेटफॉर्म आधारित कामगारों को ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।सहायक श्रम आयुक्त रिंकू ने बताया कि केंद्र सरकार ने गिग और प्लेटफॉर्म श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। हाल ही में किए गए प्रावधानों के अनुसार अब गिग वर्कर्स को भी आयुष्मान भारत योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित श्रमिकों का ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण और सक्रिय ई-श्रम कार्ड होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि श्रमिक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से स्वयं ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अलावा वे अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी करवा सकते हैं। पंजीकरण के बाद श्रमिकों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने में आसानी होगी।रिंकू ने बताया कि प्रदेश सरकार भी श्रमिकों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों को स्वास्थ्य सेवाएं, जीवन बीमा, दुर्घटना बीमा तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने सभी पात्र श्रमिकों से अधिक से अधिक संख्या में ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 09, 2026, 17:42 IST
गिग वर्कर्स को मिलेगा आयुष्मान भारत योजना का लाभ : श्रम आयुक्त #GigWorkersWillGetTheBenefitOfAyushmanBharatScheme:LaborCommissioner #SubahSamachar
