गाजीपुर: गोधनी नदी में डूबने से युवक की मौत, सुबह मिला शव; परिजनों को अनहोनी की आशंका
कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के शेखनपुर गांव में गोधनी नदी में डूबने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शनिवार की शाम घर से निकले युवक का गमछा और चप्पल नदी किनारे मिलने के बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने रात में नदी में उसकी तलाश की, लेकिन अंधेरा और पानी अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। रविवार की सुबह दोबारा खोजबीन के दौरान युवक का शव बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। शेखनपुर गांव निवासी बृजेश गोंड ने बताया कि उनका 25 वर्षीय पुत्र नंदन शनिवार की शाम करीब छह बजे घर से लापता हो गया था। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गोधनी नदी के किनारे नंदन का गमछा और चप्पल मिले। नदी किनारे उसके सामान मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से नदी में उसकी तलाश शुरू की गई। ग्रामीणों ने रात में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन अंधेरा होने और नदी में पानी अधिक होने के कारण युवक का पता नहीं चल सका। इसके बाद रविवार की सुबह ग्रामीणों ने एक बार फिर नदी में तलाश शुरू की। इस दौरान नंदन का शव बरामद हुआ। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 25, 2026, 08:50 IST
गाजीपुर: गोधनी नदी में डूबने से युवक की मौत, सुबह मिला शव; परिजनों को अनहोनी की आशंका #CityStates #Varanasi #Ghazipur #GhazipurNews #KasimabadNews #GodhaniRiver #SubahSamachar
