गाजीपुर: स्नातक में 43.61, शिक्षक निर्वाचन को लेकर 69.52 % मतदान; पहली बार युवा मतदाताओं में दिखा उत्साह

गाजीपुर जनपद में वाराणसी खंड स्नातक और वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। शाम चार बजे तक जिले में स्नातक चुनाव को लेकर 43.61 प्रतिशत वोटिंग हुई। जबकि शिक्षक निर्वाचन को लेकर केवल 69.52 प्रतिशत मतदान हुआ। दिलदारनगर में मतदान से पहले पीठासीन अधिकारी की तबीयत खराब हो गई। जबकि जखनिया में एसडीएम संग भाजपा कार्यकर्ताओं की नोकझोंक की खबर सामने आई। हालांकि इन सब कारणों की वजह से मतदान प्रक्रिया बाधित नहीं हुई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी वेद सिंह चौहान ने बताया कि वाराणसी खंड स्नातक और वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन को लेकर मतदान प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शुरू होकर शाम चार बजे तक चली। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए 19 सेक्टर और सात जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। सभी मतदान स्थलों पर वीडियोग्राफी कराई गई। जिले में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के कुल 56,477 मतदाताओं के सापेक्ष दोपहर दो बजे तक 19126 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इसमें स्नातक निर्वाचन के 3478 व शिक्षक निर्वाचन के 15648 मतदाता शामिल रहे। वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जिले में 52 मतदेय स्थल और 19 मतदान केंद्र पर वोटिंग हुई। वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 18 मतदेय स्थल और 17 मतदान केंद्र पर चुनाव संपन्न कराया गया। उधर, पहली बार मतदान करने पहुंचे युवा मतदाओं में उत्साह देखा गया। किसी ने राष्ट्रवाद को किसी ने हितों की प्राथमिकता देने वाले प्रत्याशियों को मुख्य मुद्दा बताया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 23, 2026, 21:15 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




गाजीपुर: स्नातक में 43.61, शिक्षक निर्वाचन को लेकर 69.52 % मतदान; पहली बार युवा मतदाताओं में दिखा उत्साह #CityStates #Varanasi #Ghazipur #MlcElection #GraduateConstituency #SubahSamachar