Ghaziabad: स्वर्ण जीतकर लौट रहे पैरा एथलीट चिराग की हत्या, साईं उपवन में मिला शव, साथी खिलाड़ी हिरासत में
बंगलूरू में 8वीं इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण व रजत पदक जीत घर लौट रहे अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट चिराग त्यागी (24) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गाजियाबाद के साईं उपवन में शनिवार दोपहर उनका शव मिला। हत्या के आरोप में साथी पैरा एथलीट यश खटीक को हिरासत में लिया गया है। डीसीपी धवल जायसवाल के अनुसार, चिराग को पीठ में गोली मारने के बाद उसका चेहरा बुरी तरह कुचल दिया गया था। मौके से चिराग का एक मोबाइल फोन मिला, जबकि दूसरा फोन गायब था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यश खटीक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि दोनों ने ब्लाइंड श्रेणी में प्रतियोगिता में साथ में हिस्सा लिया था। चिराग 100 व 400 मीटर दौड़ में हिस्सा लेते थे। दस्तावेज सत्यापन के दौरान चिराग ने एक बार यश की शिकायत कर दी थी। तब यश का क्वालिफिकेशन रद्द कर दिया गया था। इसका बदला लेने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस पिस्टल की बरामदगी में जुटी है। पुलिस ने मुरादनगर के बसंतपुर सैथली निवासी चिराग का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने चिराग के पिता मनोज की तहरीर पर केस दर्ज किया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 31, 2026, 04:22 IST
Ghaziabad: स्वर्ण जीतकर लौट रहे पैरा एथलीट चिराग की हत्या, साईं उपवन में मिला शव, साथी खिलाड़ी हिरासत में #CityStates #DelhiNcr #Ghaziabad #Murder #ParaAthlete #ChiragTyagi #SubahSamachar
