जॉर्जिया की जंगल में आग: घर छोड़ने पर मजबूर लोग, बारिश भी बेअसर; अब तक 50 वर्ग मील से ज्यादा क्षेत्र जलकर खाक
अमेरिकी राज्य जॉर्जिया के जंगलों में भड़की आग अब भी रौद्र रूप में तबाही मचा रही है। दो विशाल वाइल्डफायर ने पूरे इलाके को दहशत के साए में धकेल दिया है, जहां दर्जनों घर राख में बदल चुके हैं और हजारों लोग सुरक्षित ठिकानों की तलाश में पलायन को मजबूर हैं। आग की लपटें लगातार फैल रही हैं और नियंत्रण की हर कोशिश को चुनौती दे रही हैं। सूखा, तेज हवाएं और सूखी वनस्पति ने इस आग को और खतरनाक बना दिया है। प्रशासन हालात को काबू में लाने की जंग लड़ रहा है, लेकिन संकट अभी और गहराने के संकेत दे रहा है। अधिकारियों के अनुसार, एक आग ब्रैंटली काउंटी में लगी है, जिसने करीब 35 वर्ग मील (लगभग 90 वर्ग किलोमीटर) इलाके को अपनी चपेट में ले लिया है और 80 से ज्यादा घर नष्ट कर दिए हैं। यह आग फिलहाल करीब 32% ही काबू में आ पाई है। वहीं दूसरी बड़ी आग क्लिंच काउंटी और इकोल्स काउंटी के इलाके में लगी है, जिसने 50 वर्ग मील से ज्यादा क्षेत्र को जला दिया है और अभी केवल 23% तक ही नियंत्रित की जा सकी है। ये भी पढ़ें:-West Asia: 'होर्मुज को सौदेबाजी का हथियार नहीं बनाना चाहिए', अमेरिका-ईरान वार्ता ठप होने पर कतर की दो टूक हल्की बारिश से मदद जरूर मिली, राहत नहीं आग बुझाने के प्रयास में लगे अधिकारियों में एकब्रायन केम्प ने कहा कि हल्की बारिश से थोड़ी मदद जरूर मिली है, लेकिन हालात अभी भी गंभीर हैं और आग बुझाने में लंबा समय लग सकता है। उन्होंने साफ कहा कि यह संकट अभी खत्म नहीं हुआ है, लड़ाई लंबी चलेगी। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बारिश के बाद फायरफाइटर्स को आग की सीमाएं बनाने और कुछ हिस्सों को बुझाने में मदद मिली है, लेकिन पूरी तरह नियंत्रण पाने के लिए अभी भी भारी बारिश की जरूरत है। 1500 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया बता दें कि इस आग के कारण लगभग 1500 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया था, जिनमें से कुछ को अब वापस घर लौटने की अनुमति दी गई है, लेकिन करीब 2500 लोग अभी भी विस्थापित हैं। जांच में पता चला है कि ब्रैंटली काउंटी की आग एक गुब्बारे के बिजली की लाइन से टकराने और दूसरे इलाके में आग एक वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से शुरू हुई थी। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि लोग लौटने के बाद भी सतर्क रहें, क्योंकि स्थिति फिर से बिगड़ सकती है। ये भी पढ़ें:-US: ईरान युद्ध और रक्षा बजट पर घिर सकते हैं अमेरिकी रक्षा मंत्री, संसद में तीखे सवालों का करेंगे सामना आगे बारिश की संभावना कैसी वहीं मौसम विभाग ने आगे बारिश और आंधी की संभावना जताई है, जिससे नई आग लगने का खतरा भी बना हुआ है। दूसरी ओर विशेषज्ञों का कहना है कि इस साल सूखा, तेज हवाएं और जलवायु परिवर्तन की वजह से आग लगने का खतरा काफी बढ़ गया है, और ऐसी घटनाएं अब और गंभीर रूप ले सकती हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 29, 2026, 11:01 IST
जॉर्जिया की जंगल में आग: घर छोड़ने पर मजबूर लोग, बारिश भी बेअसर; अब तक 50 वर्ग मील से ज्यादा क्षेत्र जलकर खाक #World #International #Georgia #ForestFire #SubahSamachar
