UP: शाहजहांपुर के नवोदय स्कूल में 'जेन अल्फा' छात्रों का प्रदर्शन, खाना छोड़ा, साढ़े सात घंटे तक दिया धरना
शाहजहांपुर के रोजा स्थित जवाहर नवोदय स्कूल में पुस्तकालय अध्यक्ष पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतरे छात्रों की मांग आश्वासन के बाद भी पूरी नहीं हुई। इससे खफा छात्रों ने मंगलवार को खाना छोड़ दिया और साढ़े सात घंटे तक विद्यालय गेट पर धरने पर बैठे रहे। छात्र बारिश की परवाह किए बिना धरने पर डटे रहे। इस बीच लखनऊ रीजन की असिस्टेंट कमिश्नर ने पहुंचकर छात्रों से एकांत में वार्ता की। सोमवार को नवोदय के सीनियर छात्रों ने पुस्तकालय इंचार्ज नितिन मिश्रा पर गाली-गलौज करने और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए जुलूस निकाला था। कलक्ट्रेट जाते समय रोजा थाना प्रभारी ने सुभाष चौकी के पास रोककर प्रधानाचार्य सत्यपाल गंगवार को बुलाकर वार्ता कराई थी। प्रधानाचार्य ने लाइब्रेरी इंचार्ज पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। कक्षाओं में नहीं गए छात्र मंगलवार को कार्रवाई नहीं होने पर सुबह नाश्ते के बाद कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थी कक्षाओं में नहीं गए। उनकी मांग पूरी नहीं होने पर कॉलेज गेट की ओर बढ़े। उसके बाद सतर्कता के चलते मुख्य गेट को बंद कर दिया। नाराज छात्र सुबह दस बजे गेट के पास ही धरने पर बैठ गए। छात्रों ने पुस्तकालय इंचार्ज पर कार्रवाई नहीं होने तक धरना करने की चेतावनी दी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 04, 2026, 21:03 IST
UP: शाहजहांपुर के नवोदय स्कूल में 'जेन अल्फा' छात्रों का प्रदर्शन, खाना छोड़ा, साढ़े सात घंटे तक दिया धरना #CityStates #Shahjahanpur #GenAlpha #Protest #Students #SubahSamachar
