Noida News: यूपी स्टेट टेबल टेनिस टूर्नामेंट में गौतमबुद्ध नगर के खिलाड़ियों का जलवा
संवाद न्यूज एजेंसीनोएडा। बरेली में आयोजित प्रथम यूपी स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट में गौतमबुद्ध नगर के खिलाड़ियों ने प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। यह टूर्नामेंट राम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में शुरू हुई। पुरुष वर्ग में युवान पांडे ने आगरा के सारस्वत को हराकर जीत दर्ज की। वहीं जूनियर बॉयज (अंडर-17) वर्ग में भी उन्होंने लखनऊ के अर्पित को मात देकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। जूनियर गर्ल्स (अंडर-17) के प्री-क्वार्टर फाइनल में समृद्धि शर्मा ने लखनऊ की अमाया सिंह को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। आयुषी सिंह ने प्रयागराज की शालिनी देवी के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की। जूनियर बॉयज (अंडर-19) वर्ग में गर्व सिंगला ने प्रयागराज के अर्पित चंद्रा को पराजित किया, जबकि मानित भट्ट ने आगरा के भगीरथ कुमार के खिलाफ आसान जीत दर्ज की। राज्य स्तरीय वरीयता क्रम में भी गौतमबुद्ध नगर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विभिन्न आयु वर्गों में जिले के कई खिलाड़ियों ने उत्तर प्रदेश के शीर्ष चार खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया।मुख्य कोच मृदुल खिलनानी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि गौतमबुद्ध नगर तेजी से प्रदेश में टेबल टेनिस का मजबूत केंद्र बनकर उभर रहा है। आगामी मुकाबलों में भी जिले के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम करेंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 05, 2026, 18:09 IST
Noida News: यूपी स्टेट टेबल टेनिस टूर्नामेंट में गौतमबुद्ध नगर के खिलाड़ियों का जलवा #GautamBuddhaNagarPlayersShineInUPStateTableTennisTournament #SubahSamachar
